गिरिडीह में बालमुकुंद फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ माले का जोरदार प्रदर्शन, डीसी को सौंपा ज्ञापन
बालमुकुंद फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ चल रहे आंदोलन के तहत सोमवार को पपरवाटांड़ स्थित माले कार्यालय में आम सभा का आयोजन किया गया. इसके बाद....

Giridih, Jharkhand : बालमुकुंद फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ चल रहे आंदोलन के तहत सोमवार को पपरवाटांड़ स्थित माले कार्यालय में आम सभा का आयोजन किया गया. इसके बाद सैकड़ों की संख्या में नेता-कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में समाहरणालय पहुंचे और उपायुक्त रामनिवास यादव को ज्ञापन सौंपा.
रैली में सिंदरी विधायक बबलू महतो, पूर्व विधायक राजकुमार यादव, पूर्व विधायक विनोद सिंह, असंगठित मजदूर मोर्चा के नेता राजेश सिन्हा समेत माले व विभिन्न संगठनों के कई शीर्ष नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए. वहीं जिले के हर प्रखंड से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे.
बालमुकुंद फैक्ट्री प्रबंधन परशुराम तिवारी और फैक्ट्री मालिक पर बिना नोटिस दिए दर्जनों मजदूरों को निकालने का आरोप है. इस मुद्दे पर पिछले एक महीने से धरना-प्रदर्शन चल रहा है. बकरीद को देखते हुए जिला प्रशासन के अनुरोध पर धरना कुछ दिनों के लिए स्थगित किया गया था.
लेकिन धरना खत्म होते ही प्रबंधन ने फिर से लोकल मजदूरों को हटाना शुरू कर दिया. माले के विरोध के बाद हाल ही में हटाए गए 11 लोकल मजदूरों को वापस रखा गया, लेकिन 12 को अब तक नहीं रखा गया है. कुल मिलाकर लगभग 20 लोकल मजदूरों को हटाया जा चुका है.
सिन्दरी विधायक बबलू महतो ने बताया कि इस मामले को निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने विधानसभा में भी उठाया था, जिस पर श्रम मंत्री ने जवाब दिया था. वहीं आंदोलनकारियों का कहना है कि फैक्ट्री प्रबंधन राज्य सरकार के 70% लोकल मजदूर रखने के कानून का उल्लंघन कर रहा है.
इधर पूर्व विधायक विनोद सिंह ने जिला प्रशासन के साथ श्रम विभाग पर भी तंज कसा कि आज झारखंड में मजदूरों को उनका हक क्यों नहीं मिलता, क्योंकि सारे अधिकारी सिर्फ पूंजीपतियों के समर्थन में खड़े रहते हैं. अब भी अगर जिला प्रशासन द्वारा ऐसे मामले में पहल नहीं किया गया, तो आंदोलन का बढ़ना तय है.
इस दौरान जुलूस डीसी कार्यालय पहुंचा, जहां माले नेताओं ने डीसी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा. डीसी से मांग किया गया कि बालमुकुंद के अड़ियल रवैये के पीछे जिन लोगों का हाथ है, उसे गंभीरता के साथ लें.
(गिरिडीह से मनोज कुमार की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

रांची सदर अस्पताल ने हासिल की बड़ी उपलब्धि, मिला The Best Blood Bank का अवार्ड

'प्रकृति हमें माफ नहीं करेगी': कृषि मेले के मंच से मुख्यमंत्री Hemant Soren की बड़ी चेतावनी







