गुमला : बरात से लौट रही कार पेड़ से टकराई, पंचायत सेवक समेत दो की मौत, तीन की हालत गंभीर
सुबह करीब छह बजे जब कार पालकोट के काली मंदिर के पास पहुंची, तभी चालक को अचानक झपकी आ गई. इससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार तेज रफ्तार में सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

Gumla, Jharkhand : जिले के पालकोट थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पंचायत सेवक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. यह हादसा पालकोट स्थित काली मंदिर के समीप उस समय हुआ जब शादी समारोह से लौट रही एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बसिया प्रखंड के लोंगा गांव निवासी आकाश साहू उर्फ बजरंग की बरात कुम्हारिया गांव गई थी. विवाह की सभी रस्में संपन्न होने के बाद शनिवार की सुबह बरातियों का काफिला वापस अपने गांव लौट रहा था. दूल्हा और दुल्हन एक अलग वाहन में सवार थे, जबकि एक ब्रेजा कार में दूल्हे के पिता कलेश्वर साहू, दीनबंधु साहू, रामवृक्ष पांडेय, मनोज ठाकुर और मुकुंद साहू यात्रा कर रहे थे.
बताया जाता है कि सुबह करीब छह बजे जब कार पालकोट के काली मंदिर के पास पहुंची, तभी चालक को अचानक झपकी आ गई. इससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार तेज रफ्तार में सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसे में दूल्हे के पिता कलेश्वर साहू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वे वर्तमान में घाघरा प्रखंड में पंचायत सेवक के पद पर कार्यरत थे और अपने मिलनसार स्वभाव तथा कार्यकुशलता के कारण क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे. उनकी असामयिक मृत्यु की खबर मिलते ही परिवार और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई.
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की. सभी घायलों को पहले सदर अस्पताल गुमला लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दीनबंधु साहू को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया. हालांकि रांची ले जाने के दौरान रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया. वहीं अन्य घायल रामवृक्ष पांडेय, मनोज ठाकुर और मुकुंद साहू का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
घटना की सूचना मिलते ही पालकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने के कारण हादसा होने की बात सामने आ रही है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
इस दर्दनाक हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया. जिस परिवार में नई बहू के स्वागत की तैयारियां चल रही थीं, उसी परिवार को एक साथ दो लोगों की मौत का गहरा सदमा झेलना पड़ा. घटना के बाद मृतकों के घरों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है. स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने भी हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है.
(गुमला से दीपक भास्कर की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

ओरमांझी के कलकत्ता पब्लिक स्कूल में योग शिविर का आयोजन, योग के महत्व पर हुई चर्चा

बच्ची की पुकार पर पहुंचे उपायुक्त, दिव्यांग दंपति को मिला आवास और सरकारी योजनाओं का लाभ







