₹88 हजार के जाली नोट लेकर सीमा पर पहुंचे थे दो लोग, पुलिस-SSB ने दबोचा
भारत-नेपाल सीमा से सटे लखौरा में पुलिस और एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई में 500 रुपये के कथित जाली नोटों की खेप बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक, कुल ₹88 हजार के नोट मिले हैं और दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।


मोतिहारी: भारत-नेपाल सीमा पर जाली नोटों की खेप खपाने की कोशिश को लखौरा पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने नाकाम कर दिया। गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई में टीम ने 500 रुपये के 88 हजार रुपये के जाली नोटों के साथ दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद जाली नोटों की खेप के बाद सीमावर्ती इलाके में सक्रिय नकली नोटों के नेटवर्क को लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं।
लखौरा थानाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह को सीमावर्ती क्षेत्र में जाली नोटों की खेप पहुंचने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने संदिग्ध गतिविधियों वाले इलाके में घेराबंदी शुरू कर दी। इसी दौरान संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में 500-500 रुपये के नकली नोटों के बंडल बरामद हुए। नोटों का कुल मूल्य 88 हजार रुपये बताया गया है।
कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। अब जांच का फोकस जाली नोटों के स्रोत और सप्लाई चैन पर है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि खेप कहां तैयार हुई, इसे सीमा तक कौन लेकर आया और इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं।
सरगना तक पहुंचने की कोशिश
सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों के पीछे जाली नोटों का कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय हो सकता है। पूछताछ के आधार पर पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी की कार्रवाई में जुटी है।
सीमा पर बढ़ी निगरानी
भारत-नेपाल सीमा से सटे इलाकों में जाली नोटों की बरामदगी को सुरक्षा के लिहाज से गंभीर माना जा रहा है। संयुक्त कार्रवाई के बाद सीमा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और सख्त किए जाने की तैयारी है। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए जांच जारी है।
(मोतिहारी से प्रतिक सिंह की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









