लातेहार के बालूमाथ शहर में पसरा सन्नाटा, रामनवमी जुलूस के दौरान FIR से नाराज हिंदू महासभा
हिंदू महासभा ने बालूमाथ बंद का आह्वान किया था. जिसके समर्थन में पूरे शहर में दुकानों व बाजारों को बंद रखा गया है. एएसआई पर आरोप है कि रामनवमी जुलूस के दौरान महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की और अभद्रता की गई थी.

Jharkhand (Latehar): बालूमाथ रामनवमी पर्व में डीजे बजाने को लेकर 18 लोगों पर दर्ज प्राथमिक अभियोग के विरोध में शुक्रवार को हिंदू महासभा के आह्वान पर बालूमाथ बंद रखा गया. बंद के दौरान बाजार आंशिक रूप से प्रभावित रहा और समर्थकों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई.

हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि रामनवमी का पर्व क्षेत्र में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ था, इसके बावजूद 18 लोगों पर एफआईआर दर्ज कर दी गई, जिसे संगठन ने फर्जी बताते हुए तत्काल वापस लेने की मांग की है.संगठन के पदाधिकारियों ने बालूमाथ के अंचलाधिकारी बालेश्वर राम पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके निर्देश पर ही यह कार्रवाई की गई है, इसलिए उन्हें पद से हटाया जाए.

साथ ही, रामनवमी जुलूस के दौरान बालूमाथ थाना में पदस्थापित एएसआई राम विनय सिंह पर भी दुर्व्यवहार, गाली-गलौज और मारपीट का आरोप लगाया गया है. कार्यकर्ताओं का कहना है कि जुलूस में शामिल श्रद्धालुओं, खासकर महिलाओं के साथ भी धक्का-मुक्की की गई. हिंदू महासभा ने चेतावनी दी है कि यदि दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन करेगा. उन्होंने कहा कि आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी. प्रशासन की ओर से फिलहाल इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
रिपोर्ट: मनीष सिन्हा
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

गिरिडीह के देवरी में अज्ञात वाहन की चपेट में आए दो बाइक सवार, एक की मौत

गिरिडीह के एक पति-पत्नी को पाया गया 10 साल पुराने हत्याकांड मामले में दोषी, 7 वर्ष कटेगी जेल में जिंदगी






