घर को बना रखा था शराब का गोदाम ! ALTF की ताबड़तोड़ छापेमारी में खुला राज, किंगफिशर बियर समेत शराब की बड़ी खेप जब्त
मुफस्सिल थाना क्षेत्र में शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भारी मात्रा में अंग्रेजी एवं विदेशी शराब बरामद की है.

Motihari, Bihar: पूर्वी चंपारण जिले में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए मोतिहारी पुलिस लगातार अभियान चला रही है. इसी कड़ी में मुफस्सिल थाना क्षेत्र में शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भारी मात्रा में अंग्रेजी एवं विदेशी शराब बरामद की है. छापेमारी के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है.
जानकारी के अनुसार मुफस्सिल ALTF प्रभारी धर्मवीर कुमार चौधरी को गुप्त सूचना मिली थी कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नंदपुर ढेकहाँ गांव में एक घर में बड़ी मात्रा में शराब छिपाकर रखी गई है और वहां से शराब की तस्करी का कारोबार संचालित किया जा रहा है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल विशेष टीम का गठन किया गया.
इसके बाद ALTF सदर-2, सेंट्रल टीम एवं मुफस्सिल थाना पुलिस के संयुक्त सहयोग से नंदपुर ढेकहाँ गांव में छापेमारी अभियान चलाया गया. पुलिस को देखते ही इलाके में हड़कंप मच गया. तलाशी के दौरान एक घर से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई, जिसे तस्करी के उद्देश्य से छिपाकर रखा गया था.
पुलिस द्वारा बरामद शराब में 43 पीस किंगफिशर बियर, 111 पीस ऑफिसर चॉइस फ्रूटी और 4 पीस रॉयल स्टैग शामिल हैं. बरामद शराब की कुल मात्रा का आकलन किया जा रहा है. पुलिस ने मौके से रामाधार प्रसाद, पिता-धनेश्वर प्रसाद, निवासी नंदपुर ढेकहाँ को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह मामला केवल शराब के भंडारण तक सीमित नहीं दिख रहा है, बल्कि इसके पीछे एक संगठित तस्करी नेटवर्क होने की आशंका भी जताई जा रही है. गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन क्षेत्रों में खपाने की तैयारी थी.
इस कार्रवाई के बाद शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है. पुलिस का कहना है कि जिले में शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और अवैध शराब कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.
(मोतिहारी से प्रतीक सिंह की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

48 घंटे में सहरसा पुलिस की बड़ी सफलता: हॉस्टल से लापता तीन छात्र खगड़िया से सकुशल बरामद

इंडो-नेपाल बॉर्डर पर बड़ी कार्रवाई : बिना वीजा-पासपोर्ट भारत में घुस रहे स्विट्जरलैंड की महिला और म्यांमार का युवक गिरफ्तार







