सहरसा नगर निगम की बैठक में मेयर के तीखे सवाल, योजनाओं से लेकर खरीद तक मांगा पूरा हिसाब
सहरसा नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति की बैठक में मेयर बैन प्रिया ने कई अहम मुद्दों पर अधिकारियों से जवाब और दस्तावेज मांगे। योजनाओं, उपकरणों की खरीद, सफाई एजेंसी, नाला निर्माण और अवैध निर्माण को लेकर विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई।


सहरसा: सहरसा नगर निगम कार्यालय में मंगलवार को सशक्त स्थायी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर निगम की मेयर बैन प्रिया ने की। बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रभात कुमार झा, डिप्टी मेयर गुड्डू हयात सहित स्थायी समिति के सदस्य मौजूद रहे। बैठक में वार्ड संख्या 8 की रंजना देवी, वार्ड संख्या 9 की ललिता देवी, वार्ड संख्या 37 की बीबी राहिना खातून, वार्ड संख्या 32 की सीता देवी, वार्ड संख्या 40 के जयप्रकाश यादव, वार्ड संख्या 29 की रितु कुमारी और वार्ड संख्या 7 के रामचंद्र रजक उपस्थित थे।
योजनाओं और उपकरणों की खरीद का मांगा पूरा ब्योरा
बैठक के दौरान मेयर बैन प्रिया ने नगर निगम की विभिन्न योजनाओं, उपकरणों की खरीद, सफाई व्यवस्था, नाला निर्माण, भवन नक्शा स्वीकृति और अवैध निर्माण सहित कई मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि 1 जून 2025 से अब तक विभाग द्वारा निविदा के माध्यम से क्रियान्वित कराई गई सभी योजनाओं का संपूर्ण विवरण समिति के समक्ष उपलब्ध कराया जाए।
मेयर ने पिछले दिनों नगर निगम द्वारा की गई यंत्र एवं उपकरणों की खरीद का भी पूरा ब्योरा मांगा। उन्होंने सवाल उठाया कि इन उपकरणों की खरीद से पहले नवनिर्वाचित समिति से स्वीकृति ली गई थी या नहीं। उन्होंने संबंधित अभिलेख और स्वीकृति की जानकारी समिति के समक्ष प्रस्तुत करने को कहा।
सफाई कर्मी एजेंसी बहाल किए जाने के मामले में भी मेयर ने नगर आयुक्त से स्पष्ट प्रतिवेदन की मांग की। उन्होंने पटना उच्च न्यायालय द्वारा 10 जुलाई 2026 को पारित अंतरिम आदेश के अनुपालन को लेकर सवाल उठाते हुए पूछा कि नगर निगम द्वारा न्यायालय के आदेश का अनुपालन सुनिश्चित किया गया है या नहीं। साथ ही यह भी स्पष्ट करने को कहा कि संबंधित एजेंसी को पुनः बहाल किया गया है या नहीं और यदि एजेंसी को बहाल किया गया है तो उसके बकाया विपत्र का भुगतान किया गया है या नहीं।
नाला निर्माण और अवैध निर्माण पर भी मांगी रिपोर्ट
बैठक में नाला निर्माण एवं सफाई कार्य में कथित शिथिलता का मुद्दा भी उठा। मेयर ने कहा कि कई स्थानों पर उन्होंने स्वयं भौतिक सत्यापन किया, जहां स्थिति जस की तस पाई गई। उन्होंने संबंधित एजेंसी द्वारा कराए जा रहे कार्य और उसके एवज में किए गए भुगतान का भी स्पष्ट विवरण मांगा।
मेयर ने नगर आयुक्त से यह भी पूछा कि नाला निर्माण एवं सफाई कार्य में लापरवाही पाए जाने के बावजूद संबंधित एजेंसी के विरुद्ध क्या कार्रवाई की गई है। उन्होंने एजेंसी को किए गए भुगतान और कार्य की वास्तविक स्थिति से संबंधित प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा। बैठक में भवन नक्शा स्वीकृति और अवैध निर्माण पर रोक लगाने को लेकर भी चर्चा हुई। मेयर ने अब तक नगर निगम द्वारा इस दिशा में की गई कार्रवाई का साक्ष्य सहित विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भवन नक्शा स्वीकृति की प्रक्रिया और अवैध निर्माण के विरुद्ध की गई कार्रवाई की पूरी जानकारी समिति के समक्ष रखी जाए।
सशक्त स्थायी समिति की बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के दौरान नगर निगम की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति को लेकर संबंधित अधिकारियों से स्पष्ट जानकारी और अभिलेख उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
(सहरसा से इंद्रदेव की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

बाल पकड़कर पीटा, फिर टेढ़ी हो गई बच्चे की गर्दन! परिजनों ने भी आरोपी शिक्षक को

थाने में खड़ा था जब्त ट्रक, एक हफ्ते बाद हुआ गायब! अब SHO समेत 3 पर गिरी गाज







