रांची नगर निगम का बड़ा कदम: स्ट्रीट डॉग्स नियंत्रण और रेबीज अभियान के लिए दो नए डॉग कैचिंग वाहन शामिल
राजधानी में स्ट्रीट डॉग्स की समस्या के कारण नागरिकों की शिकायते बढ़ने लगी थी. जिसे ध्यान में रखते हुए और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दो नए डॉग्स कैचिंग वाहनों को शामिल किया गया है.

Ranchi, Jharkhand: रांची नगर निगम ने शहर में बढ़ती स्ट्रीट डॉग्स की समस्या से निपटने और रेबीज नियंत्रण अभियान को और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है. निगम ने दो नए डॉग कैचिंग वाहनों को अपने बेड़े में शामिल किया है, जो शहर के आवारा कुत्तों पर नजर रखेगी और आवश्यकता पड़ने पर कार्रवाई भी करेगी.
सुनिश्चित की जाएगी नागरिकों की सुरक्षा
रांची नगर निगम जिले में लगातार बढ़ रही स्ट्रीट डॉग्स की संख्या और नागरिकों से मिल रही शिकायतों को देखते हुए निगम प्रशासन ने दो नए डॉग कैचिंग वाहनों की खरीद की है. महापौर रोशनी खलखो ने बताया कि निगम द्वारा सभी वार्डों में स्ट्रीट डॉग्स के रेस्क्यू, नसबंदी और रेबीज टीकाकरण का अभियान चलाया जा रहा है. नए वाहनों के जुड़ने से अब शहर के अधिक क्षेत्रों में तेजी से अभियान चलाया जा सकेगा, जिससे नागरिकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी.
वाहन की लागत - 18 लाख
उप महापौर नीरज कुमार ने कहा कि यह पहल जनहित और पशु कल्याण दोनों को ध्यान में रखकर की गई है. निगम का लक्ष्य है कि सभी वार्डों में अधिकतम संख्या में स्ट्रीट डॉग्स की नसबंदी और टीकाकरण सुनिश्चित की जाए. प्रत्येक वाहन की लागत करीब 18 लाख रुपये है और इनमें 12 सुरक्षित कम्पार्टमेंट बनाए गए हैं. निगम ने यह भी निर्णय लिया है कि डॉग कैचिंग और रेस्क्यू अभियान अब दो पालियों में संचालित किया जाएगा ताकि कार्य की गति और प्रभावशीलता बढ़ाई जा सके.
इस मौके पर वार्ड पार्षद, उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार, सहायक लोक स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉ. किरण कुमारी समेत निगम के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे. नगर निगम का मानना है कि इस पहल से शहर में स्ट्रीट डॉग्स के बेहतर प्रबंधन के साथ-साथ रेबीज नियंत्रण अभियान को भी मजबूती मिलेगी.
(रांची से महक मिश्रा की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









