Jharkhand (Hazaribagh): आगामी रामनवमी पर्व को लेकर राज्य भर में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है. इसी क्रम में झारखंड पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा बुधवार को हजारीबाग पहुंचीं, जहां उन्होंने शहर के विभिन्न रामनवमी जुलूस मार्गों का व्यापक निरीक्षण किया. इस दौरान उनके साथ जिले के पुलिस अधीक्षक समेत कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे.
निरीक्षण के दौरान डीजीपी ने संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों का विशेष रूप से जायजा लिया तथा वहां तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अफवाह को फैलने से रोकने के लिए सतर्कता बरती जाए और हर स्थिति पर पैनी नजर रखी जाए. तदाशा मिश्रा ने कहा कि हजारीबाग में रामनवमी पर्व पूरी तरह शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाया जाएगा. उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि वे प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी तरह की भ्रामक जानकारी या अफवाहों पर ध्यान न दें. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी, ड्रोन से निगरानी और कंट्रोल रूम के माध्यम से पूरे शहर पर नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके.
डीजीपी के इस दौरे से स्थानीय प्रशासन और पुलिस महकमे में सतर्कता और सक्रियता और बढ़ गई है. वहीं, आम लोगों में भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भरोसा मजबूत हुआ है कि इस वर्ष रामनवमी का आयोजन शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न होगा.
रिपोर्ट: आशीष सिन्हा






