GDP Growth: FY26 में 7.7% की रफ्तार, भारतीय अर्थव्यवस्था ने दिखाया दम
जनवरी-मार्च तिमाही में GDP ग्रोथ 7.8% रही, मैन्युफैक्चरिंग और सर्विस सेक्टर के बेहतर प्रदर्शन से अर्थव्यवस्था को मिला मजबूत सहारा।


भारतीय अर्थव्यवस्था ने वित्त वर्ष 2025-26 में मजबूत प्रदर्शन करते हुए 7.7 प्रतिशत की विकास दर दर्ज की है। शुक्रवार को सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI) द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी से मार्च 2026 की चौथी तिमाही में देश की जीडीपी ग्रोथ 7.8 प्रतिशत रही। यह सरकार के पहले के 7.6 प्रतिशत अनुमान से बेहतर प्रदर्शन माना जा रहा है।
आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2024-25 में देश की आर्थिक वृद्धि दर 7.1 प्रतिशत थी, जबकि FY26 में यह बढ़कर 7.7 प्रतिशत पहुंच गई। इससे साफ है कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत की आर्थिक गतिविधियां मजबूत बनी हुई हैं। रियल जीडीपी के FY26 में 323.12 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है, जो पिछले वित्त वर्ष के 299.89 लाख करोड़ रुपये के मुकाबले उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्शाता है। वहीं नॉमिनल जीडीपी (वर्तमान कीमतों पर) 346.36 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान है, जो सालाना आधार पर 8.9 प्रतिशत की वृद्धि को दिखाता है।
आर्थिक गतिविधियों को मापने वाला ग्रॉस वैल्यू एडेड (GVA) भी FY26 में बढ़कर 7.9 प्रतिशत पर पहुंच गया, जबकि एक साल पहले यह 7.3 प्रतिशत था। सेक्टरवार प्रदर्शन की बात करें तो सेकेंडरी सेक्टर में 8.8 प्रतिशत और टर्शियरी सेक्टर में 9.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। मैन्युफैक्चरिंग, व्यापार, होटल, परिवहन, संचार और वित्तीय सेवाओं से जुड़े क्षेत्रों ने विकास में अहम योगदान दिया।
हालांकि चौथी तिमाही की जीडीपी ग्रोथ तीसरी तिमाही के संशोधित 8 प्रतिशत आंकड़े से थोड़ी कम रही, लेकिन यह बाजार के अधिकांश अनुमानों से बेहतर रही। विशेषज्ञों का मानना है कि मजबूत घरेलू मांग, निवेश गतिविधियों में बढ़ोतरी और सेवा क्षेत्र की तेजी ने अर्थव्यवस्था को सहारा दिया है।
मुख्य आर्थिक सलाहकार वी. अनंत नागेश्वरन ने कहा कि ताजा आंकड़े अर्थव्यवस्था के विभिन्न क्षेत्रों में संतुलित वृद्धि का संकेत देते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतें चुनौती बनी हुई हैं, लेकिन भारतीय अर्थव्यवस्था ने अब तक लचीलापन दिखाया है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









