भारत दौरे पर ब्रिटिश विदेश मंत्री यवेट कूपर, आज PM Modi से करेंगी मुलाकात
दो दिवसीय भारत दौरे पर पहुंचीं यवेट कूपर. FTA, सुरक्षा और रणनीतिक साझेदारी को लेकर होगी अहम चर्चा।


ब्रिटेन की विदेश मंत्री यवेट कूपर गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से मुलाकात करेंगी। भारत की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर आईं कूपर का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष से ऊर्जा आपूर्ति और समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ी हुई हैं।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, कूपर का दो दिवसीय दौरा भारत और ब्रिटेन के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने पर केंद्रित है। गुरुवार शाम को विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ उनकी बैठक होगी, जिसमें व्यापार, सुरक्षा, वैश्विक हालात और समुद्री मार्गों की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
बैठक के दौरान दोनों देश भारत-यूके विज़न 2035 के तहत अब तक हुए कामकाज की समीक्षा भी करेंगे। इसके अलावा व्यापार, तकनीक, रक्षा, शिक्षा, जलवायु परिवर्तन और नवाचार के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर भी बातचीत होगी। जुलाई 2025 में हुए भारत- यूके मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को जल्द लागू करने के प्रयासों पर भी चर्चा होने की संभावना है। ब्रिटिश उच्चायोग के मुताबिक, यह दौरा दोनों देशों के आर्थिक और रणनीतिक संबंधों को नई मजबूती देगा। अपनी यात्रा के दौरान यवेट कूपर टेक्नोलॉजी और AI हेल्थ-टेक क्षेत्र से जुड़े निवेशकों से मुलाकात करेंगी।
बता दें कि पिछले साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने विज़न 2035 पेश किया था। इसका उद्देश्य व्यापार, तकनीक, रक्षा और शिक्षा समेत कई क्षेत्रों में भारत और ब्रिटेन के सहयोग को नई ऊंचाई देना है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









