22 अगस्त को पटना में बड़ा प्रदर्शन, बिहार में छात्रों का बड़ा ऐलान
बिहार में शिक्षक भर्ती और उच्च शिक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर छात्रों, रिसर्च स्कॉलर्स और गेस्ट टीचर्स ने 22 अगस्त को राजभवन मार्च का ऐलान किया है। TRE-4 की दो-स्तरीय परीक्षा वापस लेने, असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती नियमों में बदलाव और खाली पद भरने की मांग उठाई जाएगी।


पटना: बिहार में शिक्षक भर्ती और उच्च शिक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर छात्रों, रिसर्च स्कॉलर्स और गेस्ट टीचर्स का आंदोलन अब तेज होने लगा है। TRE-4 को वापस लेने, असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के प्रस्तावित नियमों में बदलाव और लंबे समय से खाली पदों को भरने की मांग को लेकर 22 अगस्त को राजभवन मार्च का आह्वान किया गया है।
प्रदर्शनकारी आर-ब्लॉक स्थित वीर कुंवर सिंह पार्क से मार्च निकालकर लोक भवन तक पहुंचेंगे। आंदोलन में बिहार के अलग-अलग विश्वविद्यालयों और कॉलेजों से छात्र, रिसर्च स्कॉलर्स और गेस्ट टीचर्स के शामिल होने की बात कही गई है।
TRE-4 को वापस लेने की मांग
प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में दो-स्तरीय शिक्षक भर्ती परीक्षा-4 (TRE-4) को वापस लेना शामिल है। उनका कहना है कि शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थियों के बीच पहले से ही कई सवाल हैं और सरकार को भर्ती प्रक्रिया को स्पष्ट और पारदर्शी बनाना चाहिए।
इसके अलावा असिस्टेंट प्रोफेसर की प्रस्तावित भर्ती नियमों में बदलाव और उच्च शिक्षा संस्थानों में लंबे समय से खाली पड़े पदों को जल्द भरने की मांग भी उठाई जा रही है।
‘बड़ी संख्या में पटना पहुंचेंगे रिसर्च स्कॉलर्स’
बिहार ऑल Ph.D. होल्डर्स एंड रिसर्च स्कॉलर्स एसोसिएशन के संयोजक कुमुद पटेल ने बताया कि राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों और कॉलेजों से रिसर्च स्कॉलर्स, गेस्ट टीचर्स और छात्र 22 अगस्त को पटना पहुंचेंगे।
उन्होंने कहा कि राजभवन मार्च शांतिपूर्ण तरीके से निकाला जाएगा। इसका उद्देश्य सरकार और संबंधित अधिकारियों के सामने शिक्षा एवं शिक्षक भर्ती से जुड़े मुद्दों को मजबूती से रखना है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनका आंदोलन सिर्फ एक भर्ती परीक्षा तक सीमित नहीं है। शिक्षक भर्ती प्रक्रिया, असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों की नियुक्ति और विश्वविद्यालयों में खाली पदों जैसे मुद्दे सीधे छात्रों, शोधार्थियों और शिक्षकों के भविष्य से जुड़े हैं।
अब 22 अगस्त को होने वाले राजभवन मार्च पर सबकी नजर है। देखना होगा कि सरकार की ओर से प्रदर्शनकारियों की मांगों पर क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









