VIKSIT BHARAT 2047: PM मोदी की बैठक में शिक्षा, कौशल और स्वास्थ्य पर होगा फोकस
मुख्यमंत्रियों और प्रशासकों के साथ मानव विकास, कौशल, रोजगार, स्वास्थ्य और पोषण से जुड़े मुद्दों पर होगी चर्चा.


विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को गति देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नीति आयोग की 11वीं गवर्निंग काउंसिल की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। राष्ट्रपति भवन के सांस्कृतिक केंद्र में होने वाली इस बैठक में सभी राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्र शासित प्रदेशों के प्रशासक और वरिष्ठ अधिकारी हिस्सा लेंगे।
बैठक का मुख्य फोकस ‘समावेशी मानव विकास’ रहेगा। इसमें शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्वास्थ्य, पोषण और डिजिटल सेवाओं की पहुंच बढ़ाने जैसे अहम विषयों पर चर्चा होगी। केंद्र सरकार का उद्देश्य राज्यों के साथ मिलकर ऐसी कार्ययोजना तैयार करना है, जिससे विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
नीति आयोग के एजेंडे के अनुसार मानव पूंजी निर्माण और भविष्य के लिए तैयार कौशल, रोजगार व उद्यमिता आधारित विकास, स्वास्थ्य-पोषण तथा समानता और गरिमा को बैठक के चार प्रमुख स्तंभ बनाया गया है। राज्यों को शासन व्यवस्था और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डेटा आधारित सिस्टम के उपयोग पर भी जोर देने को कहा गया है।
बैठक में आंगनवाड़ी और स्कूलों के बेहतर समन्वय, ‘पंखुड़ी पोर्टल’ की प्रगति और बाल कुपोषण में आई कमी की भी समीक्षा होगी। सरकार के आंकड़ों के मुताबिक हाल के महीनों में स्टंटिंग, अंडरवेट और वेस्टिंग के मामलों में गिरावट दर्ज की गई है।
इसके अलावा मुख्य सचिवों के राष्ट्रीय सम्मेलन से जुड़े विभिन्न कार्यों की प्रगति रिपोर्ट पर भी चर्चा होगी। माना जा रहा है कि यह बैठक केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर तालमेल के साथ विकसित भारत 2047 के रोडमैप को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









