साहिबगंज में फिर बढ़ने लगा गंगा का जलस्तर, हर घंटे 1 सेंटीमीटर बढ़ रहा पानी ; दियारा में बाढ़ का खतरा
गंगा नदी का जलस्तर एक बार फिर तेजी से ऊपर जाने लगा है।
Sahibganj: गंगा नदी का जलस्तर एक बार फिर तेजी से ऊपर जाने लगा है। पानी करीब हर घंटे एक सेंटीमीटर बढ़ रहा है। इसके साथ ही साहिबगंज के दियारा इलाकों में दोबारा बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। लगातार बढ़ते पानी को देखकर ग्रामीणों की चिंता भी बढ़ने लगी है।
कई जगह सड़कें पानी की चपेट में
दियारा क्षेत्र में बाढ़ का पानी पहुंचने से कई जगह सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। इससे लोगों की आवाजाही मुश्किल हो गई है। कई घरों में पानी घुस चुका है, जिसके बाद ग्रामीण जरूरी सामान को मचान पर रखने लगे हैं, ताकि सामान को पानी से बचाया जा सके।
ग्रामीण अब जलस्तर कम होने का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि, पानी लगातार बढ़ने से हालात को लेकर उनकी चिंता बनी हुई है।
प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी
बाढ़ की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन पहले से ही अलर्ट है। प्रभावित इलाकों में माइकिंग कराकर लोगों को सावधान किया जा रहा है और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित जगहों पर जाने की अपील की जा रही है।
वहीं, प्रखंड स्तर पर अंचल अधिकारियों के जरिए प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है।
चूड़ा, गुड़ और सत्तू समेत जरूरी सामान बांटा जा रहा
प्रशासन की ओर से ग्रामीणों के बीच चूड़ा, गुड़, सत्तू, माचिस और मोमबत्ती जैसी जरूरी चीजें बांटी जा रही हैं। लोगों को लगातार जलस्तर पर नजर रखने और पानी बढ़ने की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी जा रही है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






