बढ़ते दबाव के बाद गिरीडीह पुलिस का बड़ा एक्शन!, नाबालिग छात्रा से छेड़खानी मामले में FIR दर्ज
गिरिडीह पचम्बा थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा से कथित छेड़खानी के मामले में शुक्रवार को पुलिस ने केस दर्ज कर लिया।
Giridih: गिरिडीह पचम्बा थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा से कथित छेड़खानी के मामले में शुक्रवार को पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी पचम्बा निवासी अयान उर्फ दबंग के अलावा उसके दोस्त बिशनपुर निवासी हसनैन और दिलीप को भी मामले में आरोपी बनाया है। केस पीड़िता की मां की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर दर्ज किया गया है।
मुख्य आरोपी पर POCSO की धारा
पुलिस के मुताबिक, अयान उर्फ दबंग को नाबालिग से छेड़खानी के आरोप में POCSO एक्ट की धाराओं के तहत नामजद किया गया है। वहीं, पीड़िता के भाई के साथ कथित मारपीट और आरोपी को सहयोग करने के आरोप में दिलीप, हसनैन समेत 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि अयान उर्फ दबंग और उसके साथियों की तलाश लगातार की जा रही है। हालांकि, पुलिस के अनुसार सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं।
भाजपा ने वार्ड पार्षद पर लगाए आरोप
इधर, मामले को लेकर भाजपा नेताओं ने पचम्बा के वार्ड पार्षद मोहम्मद लालो रायन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा नेताओं का दावा है कि अयान उर्फ दबंग और उसके साथियों को फरार कराने में वार्ड पार्षद की भूमिका है। उन्होंने पुलिस से लालो रायन को हिरासत में लेकर पूछताछ करने की मांग की है।
भाजपा नेताओं का आरोप है कि पचम्बा थाना क्षेत्र में लालो रायन के संपर्क में कई लोग हैं, जो उसे पुलिस की गतिविधियों और दूसरी सूचनाओं की जानकारी देते रहते हैं। उनका कहना है कि पुलिस अगर इस पहलू की भी जांच करे तो फरार आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






