न्याय मांगने पहुंची पीड़िता को थाने में धमकी, विरोध करने पर लाठीचार्ज!, गिरिडीह में पचम्बा पुलिस पर भड़की BJP
गिरिडीह के पचम्बा थाने में नाबालिग छात्रा के साथ छेड़खानी की शिकायत दर्ज कराने पहुंचे परिजनों और उनका साथ देने पहुंचे भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने का मामला अब पूरी तरह गरमा गया है।
Giridih: गिरिडीह के पचम्बा थाने में नाबालिग छात्रा के साथ छेड़खानी की शिकायत दर्ज कराने पहुंचे परिजनों और उनका साथ देने पहुंचे भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने का मामला अब पूरी तरह गरमा गया है। गुरुवार देर रात घटी इस घटना के विरोध में शुक्रवार को भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने गिरिडीह में एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पचम्बा थाना पुलिस और वार्ड पार्षद मोहम्मद लालो रायन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। इस दौरान भाजपा नेता दिनेश यादव, हरमिंदर सिंह बग्गा, भाजयुमो के प्रदेश मंत्री सह वार्ड पार्षद संजीव कुमार गुड्डू, मुकेश जालान, नवीन सिन्हा और महानगर अध्यक्ष रंजीत राय ने पुलिस की कार्यशैली पर कड़े सवाल खड़े किए।
विरोध करने पर भाई को पीटा, थाने में केस न करने की दी गई धमकी
प्रेसवार्ता में वार्ड पार्षद संजीव कुमार गुड्डू ने आरोप लगाया कि नाबालिग छात्रा के साथ अयान उर्फ दबंग लगातार छेड़खानी कर रहा था। दो दिन पहले जब पीड़िता के भाई ने इसका विरोध किया, तो अयान ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी। इस पूरे घटनाक्रम में स्थानीय वार्ड पार्षद मोहम्मद लालो रायन की भूमिका संदिग्ध रही। गुरुवार देर रात जब पीड़िता अपनी मां के साथ पचम्बा थाने में केस दर्ज कराने पहुंची, तो उन्होंने मदद के लिए भाजयुमो नेता संजीव कुमार गुड्डू को बुलाया। आरोप है कि थाने में आरोपी अयान के रिश्तेदार के रूप में पहुंचे पार्षद लालो रायन ने पीड़िता और उसकी मां को केस न करने की धमकी दी और कहा कि अगर मामला दर्ज हुआ तो स्थिति बिगड़ेगी।
आरोपियों पर कार्रवाई के बजाय भाजपा कार्यकर्ताओं पर भांजी लाठियां
भाजपा नेताओं का कहना है कि जब कार्यकर्ताओं ने थाने के भीतर लालो रायन द्वारा दी जा रही धमकियों का कड़ा विरोध किया, तो पचम्बा थाना पुलिस ने दबाव बनाने वालों पर कार्रवाई करने के बजाय उल्टा पीड़ित पक्ष की मदद कर रहे भाजयुमो कार्यकर्ताओं पर ही लाठियां भांजनी शुरू कर दीं। इस दौरान थाने में अफरातफरी का माहौल बन गया।
'माफिया और दबंगों के इशारे पर चल रहा थाना': भाजपा का आरोप
भाजपा महानगर अध्यक्ष रंजीत राय और नेता दिनेश यादव ने थानेदार राजीव कुमार और पुलिस प्रशासन पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि गिरिडीह में कानून का इकबाल खत्म हो चुका है। नेताओं ने आरोप लगाया कि पचम्बा थाना पूरी तरह से माफिया और पार्षद लालो रायन के गुर्गों के इशारे पर काम कर रहा है। थाने में न्याय मांगने पहुंची एक नाबालिग पीड़िता को सरेआम धमकाया जाना और पुलिस द्वारा मूकदर्शक बनकर पीड़ितों पर ही लाठीचार्ज करना बेहद शर्मनाक है। भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी है कि इस मामले में दोषी पुलिसकर्मियों और आरोपी पक्ष के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






