'गोविंदा आला रे' की गूंज, दिल्ली पब्लिक स्कूल गिरिडीह में मटकी फोड़ प्रतियोगिता का रोमांच, देखें तस्वीरें
भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के महापर्व जन्माष्टमी को लेकर पूरे गिरिडीह में भक्ति, उल्लास और उमंग का माहौल बना हुआ है।
Giridih: भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के महापर्व जन्माष्टमी को लेकर पूरे गिरिडीह में भक्ति, उल्लास और उमंग का माहौल बना हुआ है। इसी कड़ी में शुक्रवार को गिरिडीह स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) परिसर पूरी तरह से कान्हा की भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। विद्यालय में आयोजित इस पावन उत्सव में शिक्षक और छात्र-छात्राएं पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ शामिल हुए।
सीनियर छात्रों में मटकी फोड़ का जबरदस्त रोमांच
प्रिंसिपल सोनी तिवारी के नेतृत्व में स्कूल के सीनियर क्लास के छात्र-छात्राओं के लिए मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। 'गोविंदा आला रे' के जयकारों के बीच छात्रों की टोलियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ पिरामिड बनाकर मटकी फोड़ने में अपनी कला और ऊर्जा का प्रदर्शन किया, जिसने पूरे माहौल को रोमांचक बना दिया।
नन्हे राधा-कृष्ण के नृत्य ने मोहा मन
वहीं दूसरी ओर, जूनियर क्लास के बच्चों की टोलियों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राएं बाल गोपाल और लाडली राधा रानी की पारंपरिक वेशभूषा में सज-धज कर मंच पर पहुंचे। कृष्ण जन्माष्टमी के मधुर भजनों की धुनों पर बच्चों ने एक से बढ़कर एक भावपूर्ण और मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर वहां मौजूद शिक्षकों व अन्य दर्शकों का मन मोह लिया। इस भव्य आयोजन के साथ स्कूल में जन्मोत्सव का पर्व धूमधाम से संपन्न हुआ।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






