बाइक चोरी का 'खतरनाक खेल' आया सामने, चेसिस नंबर बदलकर ऐसे खपाते थे लाखों की गाड़ियां
सिकरहना पुलिस ने संगठित बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 28 चोरी की बाइक बरामद की हैं। 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि गिरोह का मास्टरमाइंड अब भी फरार है।


मोतिहारी: जिले में बढ़ती बाइक चोरी की घटनाओं पर कड़ा कदम उठाते हुए मोतिहारी पुलिस ने एक संगठित वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। सिकरहना अनुमंडल पुलिस ने एक अभियान के तहत 28 चोरी की बाइकों को बरामद किया है और इस मामले में 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में यह सामने आया है कि गिरोह चोरी की बाइकों के चेसिस नंबर बदलकर उन्हें दूसरे जिलों और राज्यों में बेच देता था। हालांकि, गिरोह का मुख्य सरगना अभी भी फरार है, और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सिकरहना एसडीपीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि शिकारगंज थानाध्यक्ष गोपाल कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में एक संगठित गिरोह लंबे समय से बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद विशेष टीम का गठन कर कार्रवाई शुरू की गई।
दो थाना क्षेत्रों में छापेमारी, 28 बाइक बरामद
पुलिस ने सबसे पहले शिकारगंज थाना क्षेत्र से एक संदिग्ध को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर चिरैया थाना क्षेत्र में कई जगहों पर एक साथ छापेमारी की गई। इस कार्रवाई में चिरैया थाना क्षेत्र से 21 चोरी की बाइक बरामद की गईं और 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, शिकारगंज थाना क्षेत्र से 7 और चोरी की बाइक के साथ 4 आरोपियों को पकड़ा गया। इस तरह कुल मिलाकर 28 बाइक बरामद हुईं और 12 आरोपी पुलिस के हाथों में आ गए।
चेसिस नंबर बदलकर दूसरे राज्यों में होती थी बिक्री
पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि एक गिरोह चोरी की बाइकों के चेसिस नंबर को बदलकर उनकी पहचान मिटा देता था। इसके बाद ये बाइक्स दूसरे जिलों और राज्यों में बेच दी जाती थीं, जिससे चोरी की बाइकों का पता लगाना बेहद मुश्किल हो जाता था। जांच में यह भी पता चला कि गिरोह में एक 'मिडिल मैन' सक्रिय था, जो चोरी की बाइकों को खरीदारों तक पहुंचाने और सौदे करने का काम करता था। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।
मास्टरमाइंड की तलाश जारी
SDPO अभिषेक कुमार ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी चोरी की बाइकों के खरीद-बिक्री नेटवर्क का हिस्सा हैं, जबकि चेसिस नंबर बदलने वाला मुख्य आरोपी अभी भी फरार है। पुलिस को उम्मीद है कि उसकी गिरफ्तारी के बाद इस गिरोह के बारे में कई और बड़े खुलासे होंगे। पुलिस का कहना है कि जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए उनका अभियान लगातार जारी रहेगा। इसके साथ ही, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। इस कार्रवाई को मोतिहारी पुलिस की हाल की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का दावा है कि इससे जिले में सक्रिय वाहन चोर गिरोहों पर प्रभावी अंकुश लगेगा और लोगों का भरोसा भी बढ़ेगा।
(मोतिहारी से प्रतीक सिंह की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

पुलिस को देखते ही भागने लगे 3 युवक, पीछा कर एक को दबोचा; लोडेड पिस्टल और 7 कारतूस बरामद

31 लाख की हेरोइन लेकर जा रहा था सप्लायर, वाहन जांच में पुलिस के हत्थे चढ़ा







