चप्पल में छिपाकर लाया 'हाईटेक नकल मशीन'! मोतिहारी में परीक्षा के बीच पकड़ा गया 'मुन्ना भाई', YouTube से सीखा था पूरा खेल
बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग की परीक्षा में एक अभ्यर्थी चप्पल में छिपाए इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के जरिए नकल करते पकड़ा गया। पूछताछ में उसने बताया कि उसने यह तरीका YouTube से सीखा था। पुलिस ने दो अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया है।


मोतिहारी: बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा आयोजित अधिनायक अनुदेशक भर्ती परीक्षा के दौरान मोतिहारी में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक अभ्यर्थी ने हाईटेक तरीके से नकल करने की कोशिश की। प्रशासन की सतर्कता के चलते उसे चप्पल में छिपाए गए इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया गया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी ने यह सब यूट्यूब देखकर सीखा था और इसके लिए उसने खास इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ऑनलाइन मंगवाया था। गिरफ्तार अभ्यर्थी की पहचान पश्चिम चंपारण के बेतिया निवासी अविनाश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर दो और लोगों को भी हिरासत में लिया है, और अब पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान खुला हाईटेक नकल का राज
जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा का माहौल काफी शांतिपूर्ण था। इसी बीच, सदर एसडीओ अरुण कुमार और सदर डीएसपी दिलीप कुमार एलएनडी कॉलेज परीक्षा केंद्र का निरीक्षण करने पहुंचे। जांच के दौरान एक अभ्यर्थी की गतिविधियां कुछ संदिग्ध नजर आईं। जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके चप्पल में छिपा हुआ एक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि इसी डिवाइस के जरिए बाहर से उत्तर प्राप्त किए जा रहे थे।
YouTube से सीखा तरीका
SP स्वर्ण प्रभात ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने यह स्वीकार किया कि उसने नकल करने का यह तरीका यूट्यूब पर वीडियो देखकर सीखा था। इसके बाद, उसने ऑनलाइन एक खास इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस मंगवाया और ऐसा इंतजाम किया कि परीक्षा केंद्र में जैमर लगे होने के बावजूद डिवाइस बाहरी नेटवर्क से जुड़ा रह सके। पूछताछ में आरोपी ने यह भी बताया कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने से पहले उसने डिवाइस लगी चप्पल को परिसर की बाउंड्री के अंदर फेंक दिया था। इसके बाद, वह नंगे पैर जांच कराकर परीक्षा केंद्र के भीतर चला गया और फिर वही चप्पल पहनकर परीक्षा कक्ष में पहुंच गया। हालांकि, अधिकारियों की सतर्क निगरानी के चलते उसकी पूरी योजना धरी की धरी रह गई और उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया।
दो और हिरासत में, पूरे नेटवर्क की जांच
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके दो साथियों को भी हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ चल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस हाईटेक नकल गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस यह भी देख रही है कि क्या इस तरह की तकनीक का इस्तेमाल अन्य भर्ती परीक्षाओं में भी किया गया है। प्रशासन ने साफ किया है कि भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। जो लोग कदाचार करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया है कि तकनीक के जरिए नकल की किसी भी कोशिश पर प्रशासन की कड़ी नजर है।
(मोतिहारी से प्रतीक सिंह की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

पुलिस को देखते ही भागने लगे 3 युवक, पीछा कर एक को दबोचा; लोडेड पिस्टल और 7 कारतूस बरामद

31 लाख की हेरोइन लेकर जा रहा था सप्लायर, वाहन जांच में पुलिस के हत्थे चढ़ा







