गंगा में समाई मुलायम के बेटे प्रतीक यादव की अस्थियां, गमगीन माहौल में भाई आदित्य ने पूरी की अंतिम रस्म
दिवंगत प्रतीक यादव की अस्थियां शनिवार को हरिद्वार में वैदिक रीति-रिवाज से गंगा में प्रवाहित कर दी गईं. भाई आदित्य यादव ने बाबा रामदेव की मौजूदगी में अस्थि विसर्जन की प्रक्रिया पूरी की. इस दौरान पत्नी अपर्णा यादव और दोनों बेटियां बेहद भावुक नजर आईं.

Prateek Yadav Last Ritual: समाजवादी पार्टी के नेता शिवपाल सिंह यादव के पुत्र आदित्य यादव ने शनिवार को हरिद्वार के वीआईपी घाट पर अपने दिवंगत भाई प्रतीक यादव की अस्थियों को पूरे विधि-विधान के साथ गंगा की पवित्र लहरों में विसर्जित किया. इस विदाई बेला के दौरान घाट का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया और वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं.
बाबा रामदेव की मौजूदगी में हुआ अनुष्ठान
अस्थि विसर्जन का यह धार्मिक अनुष्ठान योगगुरु बाबा रामदेव की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ. तीर्थ पुरोहितों ने घाट पर पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई. प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव अपनी दोनों बेटियों प्रथमा और पद्मजा के साथ इस विसर्जन प्रक्रिया में शामिल होने हरिद्वार पहुंची थीं.
बेटी पद्मजा का भावुक कार्ड 'I LOVE PAPA'
इस दौरान सबसे मार्मिक दृश्य तब देखने को मिला जब प्रतीक यादव की छोटी बेटी पद्मजा ने अपने पिता की अस्थियों को अंतिम बार अपने माथे से लगाया और फूट-फूटकर रो पड़ी. इसके बाद उसने अपने हाथों से बनाया हुआ एक कार्ड, जिस पर 'I LOVE PAPA' लिखा था, रुआंसे मन से गंगा नदी में प्रवाहित कर दिया. मासूम बच्ची की इस भावुकता को देखकर घाट पर मौजूद परिजनों के साथ-साथ आम लोगों का कलेजा भी पसीज गया.
अपर्णा यादव ने बंधाया बेटियों को ढांढस
पति को अंतिम विदाई देते हुए अपर्णा यादव भी अपने आंसुओं को रोक नहीं पाईं और बेहद भावुक दिखीं. हालांकि, इस कठिन समय में उन्होंने खुद को संभालते हुए अपनी दोनों बेटियों, प्रथमा और पद्मजा, को ढांढस बंधाया. इस भावुक विदाई के साथ ही परिवार ने दिवंगत आत्मा की शांति और मोक्ष के लिए प्रार्थना की.
(हरिद्वार से अजय सिंह की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

"CM को भी दो गाड़ियों पर आ जाना चाहिए", बढ़ती पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर तेज प्रताप की CM को नसीहत

"अगर राजनीतिक ढकोसला ही करना है तो पैदल चलिए" : PM मोदी की ईंधन बचत की अपील पर JMM का तंज







