पुलिस टीम पर बरसे पत्थर! छापेमारी करने गई टीम पर हमला
मुंगेर के लाल दरवाजा में अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी के दौरान उत्पाद विभाग की टीम पर पथराव हुआ। 3 पुलिस पदाधिकारी और 2 होमगार्ड घायल, 3 गिरफ्तार।


मुंगेर में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची उत्पाद विभाग की टीम पर पथराव का मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के लाल दरवाजा इलाके में हुई घटना में तीन पुलिस पदाधिकारी और दो होमगार्ड जवानों को हल्की चोटें आई हैं। पथराव में उत्पाद विभाग के सरकारी वाहन का शीशा भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो आरोपित फरार बताए जा रहे हैं।
शराब छिपाकर रखने की सूचना पर पहुंची थी टीम
उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि लाल दरवाजा निवासी विनोद यादव ने श्रीकृष्ण सेतु के पुल संख्या 34 और 35 के पास स्थित अपने बासा के आसपास अवैध शराब छिपाकर रखी है। सूचना के आधार पर निरीक्षक मद्यनिषेध धर्मवीर कुमार, अवर निरीक्षक पिंटू साह, जमादार रमाकांत राम, बृजमोहन भगत और पुलिस जवानों की टीम मौके पर पहुंची।
टीम ने विनोद यादव से पूछताछ करने के बाद खेत में बनी झोपड़ी और उसके आसपास जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस के मुताबिक, विनोद यादव के पुत्र विकास यादव उर्फ विपिन कुमार ने टीम के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद विवाद बढ़ गया और आरोप है कि विकास यादव, धर्मवीर यादव, रौशन कुमार और राजेश कुमार ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया।
पथराव में 5 घायल, वाहन का शीशा टूटा
अचानक हुए पथराव से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने हमलावरों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे वहां से भाग निकले। पथराव में उत्पाद विभाग के वाहन का एक शीशा टूट गया। घटना में अवर निरीक्षक पिंटू साह, जमादार रमाकांत राम, बृजमोहन भगत और होमगार्ड जवान विकास कुमार व निषाद कुमार को हल्की चोटें आईं। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार कराया गया।
घटना के बाद उत्पाद विभाग की टीम ने लाल दरवाजा टीओपी पुलिस के सहयोग से इलाके में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने विनोद यादव और उसके दो पुत्रों विकास यादव व धर्मवीर यादव को गिरफ्तार कर लिया। तीनों को आगे की कार्रवाई के लिए कोतवाली थाना पुलिस को सौंप दिया गया।
सहायक आयुक्त मद्यनिषेध विकेश कुमार ने बताया कि विनोद यादव और उसके पुत्रों द्वारा दोबारा अवैध शराब का कारोबार शुरू किए जाने की सूचना मिली थी। इसी आधार पर टीम छापेमारी करने पहुंची थी। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम पर हमला और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में पांच नामजद आरोपितों के खिलाफ कोतवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
नामजद आरोपितों में विनोद यादव, उसके पुत्र विकास यादव और धर्मवीर यादव के अलावा रौशन कुमार और राजेश कुमार शामिल हैं। इनमें तीन को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि रौशन कुमार और राजेश कुमार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
पहले से दर्ज हैं अवैध शराब के मामले
सहायक आयुक्त के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ उत्पाद थाना और कोतवाली थाना में अवैध शराब की खरीद-बिक्री से जुड़े कई मामले पहले से दर्ज हैं और वे पूर्व में जेल भी जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम को भयभीत कर कार्रवाई रोकने की कोशिश की गई, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। फरार आरोपितों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
(सुमित कुमार की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









