मां की पुण्यतिथि पर गांव पहुंचे CM, मां की याद में हवन-पूजन
मुंगेर के तारापुर की पूर्व विधायक स्व. पार्वती देवी की चौथी पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपने पैतृक गांव लखनपुर पहुंचे।


मुंगेर: मुंगेर के तारापुर की पूर्व विधायक और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मां स्व. पार्वती देवी की चौथी पुण्यतिथि गुरुवार को उनके पैतृक गांव लखनपुर स्थित आवास पर मनाई गई। इस मौके पर मुख्यमंत्री अपने पैतृक आवास पहुंचे और शांति पूजन व हवन में शामिल होकर अपनी मां की स्मृति को नमन किया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
हवन में शामिल हुए मुख्यमंत्री, मां को किया नमन
पैतृक आवास पर आयोजित कार्यक्रम सादगी के साथ हुआ। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शांति पूजन और हवन में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने अपनी मां की स्मृतियों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। पूजन कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री कड़ी सुरक्षा के बीच पार्वती नगर स्थित बीएड कॉलेज परिसर पहुंचे। यहां स्व. पार्वती देवी की स्थापित आदमकद प्रतिमा पर उन्होंने पुष्प अर्पित किए और श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान एनडीए कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया।
परिवार और कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के पिता और पूर्व मंत्री शकुनी चौधरी, उनकी पत्नी कुमारी ममता, भाभी अमृता चौधरी, छोटे भाई धर्मेंद्र चौधरी और उनकी पत्नी शांता सिंह, भांजे सौरभ सिंह समेत परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
वहीं पथ निर्माण विभाग के मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र, विधायक कुमार प्रणय, विधायक ललित नारायण मंडल, रविंद्र सिंह कल्लू, भाजपा नेता एवं समाजसेवी कुणाल चौधरी, समीर मधुकर और निर्मल सिंह समेत कई गणमान्य लोगों ने भी स्व. पार्वती देवी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
CM के दौरे को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, डीआईजी राकेश कुमार, जिलाधिकारी निखिल धनराज, पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद, तारापुर एसडीओ महेश कुमार और एसडीपीओ निशांत गौरव समेत प्रशासन और पुलिस के कई वरीय अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की। पुण्यतिथि कार्यक्रम के दौरान परिवार, समर्थकों और स्थानीय लोगों ने भी स्व. पार्वती देवी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
(सुमित कुमार की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









