गढ़वा में पेट्रोल पंप बंद करने वालों की अब खैर नहीं! SDM ने मीटिंग में साफ कहा- जनता को परेशान किया तो सीधे एक्शन होगा
गढ़वा एसडीएम ने एक बैठक की जिसमें वर्तमान पेट्रोल-डीजल की परिस्थितियों पर चर्चा हुई. संचालकों की परेशानियों को समझने का प्रयास किया गया. साथ ही कालाबाजारी करने वालों को सख्त हिदायत दी गई.

Garhwa News: वैश्विक हालात और स्थानीय स्तर पर पेट्रोल की कमी की चर्चाओं को देखते हुए गढ़वा जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. जिले में ईंधन की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने और कालाबाजारी रोकने के उद्देश्य से शनिवार को सदर एसडीएम संजय कुमार ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों के साथ आपात बैठक की. बैठक में एसडीएम ने पेट्रोल पंप मालिकों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि संकट की स्थिति का फायदा उठाकर बिना पूर्व सूचना के पेट्रोल पंप बंद करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
समाहरणालय में आयोजित इस इमरजेंसी मीटिंग में जिला आपूर्ति पदाधिकारी देवानंद राम समेत अनुमंडल क्षेत्र के सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और पेट्रोल पंप संचालक मौजूद रहे. मीडिया में प्रशासन ने साफ कर दिया कि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी होने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
बिना सूचना नहीं कर सकेंगे पेट्रोल पंप बंद
मीटिंग के दौरान एसडीएम संजय कुमार ने पेट्रोल पंप संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी कि बिना पूर्व सूचना के किसी भी स्थिति में पेट्रोल पंप बंद नहीं रखा जा सकता. उन्होंने कहा कि यदि किसी पेट्रोल पंप पर स्टॉक खत्म हो जाता है या मशीन में तकनीकी खराबी आ जाती है, तो इसकी जानकारी बड़े अक्षरों में बोर्ड पर प्रदर्शित करनी होगी. बिना सूचना पंप बंद पाए जाने पर प्रशासन इसे गंभीर लापरवाही मानेगा और कार्रवाई की जाएगी. एसडीएम ने कहा कि आम लोगों में घबराहट फैलाने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
पेट्रोल की कालाबाजारी पर लगेगी लगाम
मीटिंग के दौरान प्रशासन ने पेट्रोल की कथित कालाबाजारी का मुद्दा भी उठाया. एसडीएम ने खुफिया इनपुट का हवाला देते हुए कहा कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में कुछ खुदरा दुकानदार पेट्रोल पंपों से बड़े गैलनों में तेल खरीदकर ऊंचे दामों पर बेच रहे हैं. उन्होंने बताया कि परचून और कपड़ा व्यवसायी जैसे कुछ लोग पेट्रोल का स्टॉक जमा कर मुनाफाखोरी करने की कोशिश कर रहे हैं. इस पर जब कुछ पंप संचालकों ने सफाई देने की कोशिश की कि लोग वाहनों से तेल निकालकर बेच रहे हैं, तब एसडीएम ने मौके पर ही बड़े कंटेनरों में पेट्रोल दिए जाने के प्रमाण और तस्वीरें प्रस्तुत कर दीं. इसके बाद कुछ संचालकों ने अपनी गलती स्वीकार की. प्रशासन ने इस मामले को बेहद गंभीर बताते हुए चेतावनी दी कि सप्लाई चेन बाधित करने वालों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई होगी.
समस्याओं का प्रशासन करेगी समाधान
मीटिंग में पेट्रोल पंप संचालकों ने भी अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं. संचालकों ने सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और सप्लाई से जुड़ी दिक्कतों की जानकारी दी. इस पर प्रशासन की ओर से उन्हें हर संभव सहयोग का भरोसा दिया गया. अधिकारियों ने कहा कि किसी भी अप्रिय स्थिति या भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन तत्पर रहेगा. एसडीएम ने सभी संचालकों को आपातकालीन कंट्रोल रूम का मोबाइल नंबर और वरिष्ठ अधिकारियों के निजी संपर्क नंबर भी उपलब्ध कराए, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल मदद मिल सके.
जरूरत से अधिक न खरीदें पेट्रोल
अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने जिले के आम नागरिकों से भी अपील की कि वे घबराहट में जरूरत से ज्यादा पेट्रोल खरीदने से बचें. उन्होंने कहा कि जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल उपलब्ध है. उन्होंने कहा कि अफवाहों पर ध्यान देने के बजाय लोग संयमित व्यवहार करें, ताकि आपूर्ति व्यवस्था सामान्य बनी रहे. प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रख रहा है और किसी भी तरह की अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
अलर्ट मोड पर जिला प्रशासन
पेट्रोल की संभावित किल्लत और कालाबाजारी की आशंका को देखते हुए गढ़वा जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आम लोगों को समय पर ईंधन मिलता रहे और किसी भी तरह की अफवाह या मुनाफाखोरी से बाजार प्रभावित न हो. अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी पेट्रोल पंपों की नियमित निगरानी की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई तय होगी.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी पर गिरिडीह कांग्रेस का हल्ला बोल, PM मोदी का फूंका पुतला

झारखंड के पूर्व सीएम नहीं कर सके सम्मेद शिखर में पूजा-अर्चना, ताला बंद करने पर BDO पर जमकर भड़के







