बाइक से घर लौट रहे थे पवित्र और हीरो, अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर ; दोनों की मौत
पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा प्रखंड में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।
Bahragora: पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा प्रखंड में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मानुषमुड़िया पंचायत में जामजुरकी नदी के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान भादुआ गांव निवासी पवित्र महतो (19) और हीरो महतो (20) के रूप में हुई है।
सुनसान जगह पर बाइक को मारी टक्कर
बताया गया कि दोनों युवक बाइक से मानुषमुड़िया की तरफ से अपने घर लौट रहे थे। जामजुरकी नदी के पास सुनसान जगह पर पहुंचते ही किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों को जब घटना की जानकारी मिली तो ग्रामीण तुरंत वहां पहुंचे और दोनों युवकों को इलाज के लिए झाड़ग्राम अस्पताल ले गए।
इलाज के दौरान दोनों ने तोड़ा दम
अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों का इलाज शुरू किया, लेकिन उनकी हालत ज्यादा गंभीर थी। इलाज के दौरान पवित्र और हीरो ने दम तोड़ दिया। दोनों की मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे। वहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
फरार वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे की जानकारी मिलने के बाद बहरागोड़ा पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी शंकर कुशवाहा ने बताया कि दुर्घटना की जांच की जा रही है। पुलिस उस अज्ञात वाहन और उसके चालक का पता लगाने की कोशिश कर रही है, जिसने बाइक को टक्कर मारी थी।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






