चुट्टूपालू घाटी में बेकाबू हुआ कंटेनर, रामगढ़ DSP हेडक्वार्टर अकरम रज़ा की मौसी की मौत, 5 लोग...
रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग (NH 33) पर स्थित रामगढ़ की कुख्यात चुट्टूपालू घाटी में रविवार को एक और बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।
Ramgarh Road Accident: रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग (NH 33) पर स्थित रामगढ़ की कुख्यात चुट्टूपालू घाटी में रविवार को एक और बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रांची की तरफ से रामगढ़ जा रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर का घाटी में अचानक ब्रेक फेल हो गया। बेकाबू कंटेनर ने आगे चल रही एक होंडा कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में कार में सवार एक महिला की मौके के आसपास ही मौत हो गई, जबकि परिवार के पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतका की पहचान रामगढ़ के मुख्यालय डीएसपी (DSP HQ) अकरम रज़ा की मौसी के रूप में हुई है।
ब्रेक फेल होते ही मची अफरा-तफरी, कार के उड़े परखच्चे
मिली जानकारी के मुताबिक, नागालैंड नंबर का कंटेनर (NL 01 AB 8418) रांची से रामगढ़ की ओर आ रहा था। जैसे ही गाड़ी चुट्टूपालू घाटी के तीखे ढलान पर पहुंची, उसका ब्रेक फेल हो गया। तेज रफ्तार बेकाबू कंटेनर ने आगे चल रही होंडा कार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सड़क किनारे जा घुसी और मौके पर चीख-पुकार मच गई। घाटी में गाड़ियों की आवाजाही थम गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
10 साल की बच्ची समेत परिवार के 5 लोग घायल
इस हादसे में DSP अकरम रज़ा की 45 वर्षीय मौसी सारा तबस्सुम की जान चली गई। वहीं कार में सवार उनके मौसा फिरोज राही (48), बहन तरजा सालिया (23), सिफ़्ता ताजनीन, 10 साल की बच्ची अमीरा ताजनीन और अनुजा तबस्सुम गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत बाहर निकाला गया और प्राथमिक उपचार के लिए सदर अस्पताल व होप अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी लोग रांची से रामगढ़ अपने रिश्तेदारों के पास आ रहे थे।
मौके पर पहुंचे DSP और SP, घायलों का जाना हाल
हादसे की खबर मिलते ही मुख्यालय DSP अकरम रज़ा और रामगढ़ थाने के सब इंस्पेक्टर दीपक कुमार, मंजेश कुमार, पंकज कुमार व रोशन बाड़ा तुरंत दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। वहीं, घटना की गंभीरता को देखते हुए SP मुकेश कुमार लुनायत, SDPO आलोक रंजन और गोपनीय शाखा प्रभारी रविंद्र कुमार गुप्ता सदर अस्पताल पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने डॉक्टरों से इलाज की जानकारी ली और घायलों से मिलकर उनका हाल-चाल जाना। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






