पाकिस्तान ने रचा इतिहास, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगातार तीसरी वनडे सीरीज जीती
3 मैचों की सीरीज में पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से किया पराजित, 4 विकेट से जीता निर्णायक वनडे मैच।

लाहौर में ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच खेली जा रही तीन मैचों की वनडे अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला का आखिरी मुकाबला पाकिस्तान ने 4 विकेट से जीतकर इतिहास रच दिया।
तीसरे और निर्णायक मैच में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान जोश इंग्लिस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन उनका यह निर्णय सही साबित नहीं हुआ। ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम केवल 42 ओवर ही मैदान पर टिक सकी और 157 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। ऑस्ट्रेलिया के लिए सिर्फ कप्तान जोश इंग्लिस ही टिककर बल्लेबाजी कर सके। उन्होंने टीम की ओर से सर्वाधिक 65 रन बनाए। एक समय ऑस्ट्रेलियाई टीम 2 विकेट के नुकसान पर 98 रन बनाकर मजबूत स्थिति में थी, लेकिन इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और पूरी टीम सिर्फ 157 रन पर सिमट गई।
पाकिस्तान की ओर से कप्तान शाहीन अफरीदी ने सबसे ज्यादा 3 विकेट हासिल किए। अबरार अहमद और शादाब खान ने 2-2 विकेट लिए, जबकि हारिस रऊफ को 1 सफलता मिली। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने बाबर आजम के सर्वाधिक 40 रन की बदौलत 41.5 ओवर में 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
इस जीत के साथ पाकिस्तान ने सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली और लगातार तीसरी बार ऑस्ट्रेलिया को वनडे सीरीज में मात दी।
पाकिस्तान ने पूरे सीरीज के दौरान लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को शिकस्त दी। कप्तान शाहीन अफरीदी को प्लेयर ऑफ द मैच, जबकि अराफात मिन्हास को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









