IND vs NZ T20 World Cup Final: घरेलू सरजमीं पर ICC Men's T20 वर्ल्ड कप जीतने वाला भारत पहला देश बन गया है. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को जबरदस्त पटखनी देते हुए खिताब अपने नाम कर लिया है. न्यूजीलैंड टीम को इंडिया ने 256 रनों का लक्ष्य दिया था लेकिन इसका पीछा करते हुए न्यूजीलैंड 159 रन पर ही ढेर हो गई. टीम इंडिया के जीत पर पूरे भारत में जश्न का माहौल है. इधर, भारतीय क्रिकेट टीम की T20 वर्ल्ड कप की ऐतिहासिक जीत पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित कई बड़े दिग्गजों ने टीम इंडिया को बधाई और शुभकामनाएं दी है.
इतिहास के कई शिखर छूने वाली भारतीय टीम को हार्दिक बधाई- राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट साझा करके टीम इंडिया को हार्दिक बधाई दी है. उन्होंने लिखा है ''आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप में शानदार जीत हासिल करके इतिहास के कई शिखर छूने वाली भारतीय टीम को हार्दिक बधाई. भारत को यह गौरव प्राप्त है कि वह तीन बार कप जीतने वाला एकमात्र देश है. साथ ही, यह लगातार दो बार कप जीतने वाली एकमात्र टीम भी है. इससे क्रिकेट प्रेमियों में अपार खुशी और गर्व का भाव है. यह हमारे युवाओं में विभिन्न क्षेत्रों में मौजूद प्रतिभाओं का भी प्रमाण है. इस सामूहिक जीत के लिए प्रत्येक खिलाड़ी, संपूर्ण प्रबंधन और सहायक स्टाफ सर्वोच्च प्रशंसा के पात्र हैं. मैं हमारी क्रिकेट टीम के भविष्य में निरंतर गौरव की कामना करती हूं.'
पीएम नरेंद्र मोदी ने दी बधाई
चैंपियन! आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप जीतने पर भारतीय टीम को हार्दिक बधाई! यह शानदार जीत असाधारण कौशल, दृढ़ संकल्प और टीम वर्क का प्रतीक है. उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट साहस का प्रदर्शन किया. इस जीत ने हर भारतीय के दिल को गर्व और खुशी से भर दिया है. शाबाश, टीम इंडिया !' पीएम ने आगे लिखा है 'T20 क्रिकेट वर्ल्ड कप जीतकर टीम इंडिया ने साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प, संयम और आत्मविश्वास का संगम ही जीवन में सफलता का मूलमंत्र है. यह जीत हमें यह भी बताती है कि सही दिशा में कठिन परिश्रम से हर लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है. अभीप्सां स्वात्मनो रक्षाऽविरतं सुस्थिरं तया। यत्नमातिष्ठ धैर्येण ततः सिद्धिर्भवेद् ध्रुवम् ।।'
हमारी भारतीय टीम के लिए यह एक शानदार जीत- राहुल गांधी
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा है 'एक बार फिर चैंपियन! हमारी भारतीय टीम के लिए यह एक शानदार जीत थी, जिसमें संजू सैमसन और जसप्रीत बुमराह के पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए विशेष सराहना. टीम इंडिया को घरेलू मैदान पर ट्रॉफी बरकरार रखने और देश को एक और अविस्मरणीय पल देने के लिए हार्दिक बधाई.'
यह गौरवपूर्ण उपलब्धि पूरे राष्ट्र के लिए अत्यंत हर्ष का क्षण- राज्यपाल संतोष गंगवार
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट साझा करते हुए टीम इंडिया को बधाई दी है उन्होंने लिखा है 'भारतीय क्रिकेट टीम को #T20WorldCup2026 की ऐतिहासिक जीत पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. यह गौरवपूर्ण उपलब्धि पूरे राष्ट्र के लिए अत्यंत हर्ष और गर्व का क्षण है. आपके उत्कृष्ट प्रदर्शन, समर्पण और खेल प्रतिभा ने समस्त देशवासियों को गौरवान्वित किया है.'
यह जीत करोड़ों भारतीयों के गर्व की जीत- CM हेमंत सोरेन
झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने भी टीम इंडिया को जीत की बधाई दी है उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट साझा कर लिखा है 'टीम इंडिया को टी20 विश्व कप 2026 जीतने पर हार्दिक बधाई. यह जीत करोड़ों भारतीयों के गर्व, विश्वास और जुनून की जीत है. हमारे खिलाड़ियों ने अद्भुत कौशल, साहस और टीम भावना का परिचय दिया. पूरे देश के साथ झारखंड भी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहा है. जय हिंद!'
झारखंड के कप्तान ईशान किशन को भी CM दी शुभकामनाएं
हेमंत सोरेन ने आगे खिलाड़ी ईशान किशान को लेकर लिखा है कि 'कुछ ही समय पहले तक आप भारतीय टीम में भी नहीं थे, लेकिन जिस आत्मविश्वास और आक्रामकता के साथ आपने वापसी की है, वह सचमुच प्रेरणादायक है, हमारे अपने झारखंड के कप्तान ईशान किशन ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत और दृढ़ संकल्प से हर चुनौती को पार किया जा सकता है. झारखंड के कप्तान एवं भारतीय टीम के अभिन्न सदस्य के रूप में आपका दमदार प्रदर्शन और मैदान पर पूरे जोश के साथ खेलना यह दिखाता है कि सच्चे खिलाड़ी चुनौतियों से घबराते नहीं, बल्कि और मजबूत होकर लौटते हैं. पूरे झारखंड को आप पर गर्व है। आपकी यह शानदार वापसी और प्रदर्शन राज्य के युवाओं के लिए बड़ी प्रेरणा है. हार्दिक बधाई और आगे के लिए ढेरों शुभकामनाएं.
यह जीत करोड़ों भारतीयों के सपनों और अटूट विश्वास की जीत- कल्पना- सोरेन
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी और गांडेय से विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने भी टीम इंडिया को जीत पर बधाई दी है उन्होंने ने कहा है 'टी20 विश्व कप 2026 में ऐतिहासिक जीत दर्ज कर विश्व विजेता बनने पर भारतीय क्रिकेट टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. आज की यह जीत करोड़ों भारतीयों के सपनों और अटूट विश्वास की जीत है. हमारे खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन और अनुशासन से पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा किया है. इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर पूरा देश उत्सव मना रहा है और पूरा झारखंड भी टीम इंडिया की इस शानदार सफलता पर गर्व महसूस कर रहा है. भारत ऐसे ही खेल के मैदान में नए इतिहास रचता रहे, यही कामना है हमारी. जय हिंद!'
145 करोड़ भारत वासियों को हार्दिक बधाई- यूपी सीएम योगी
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जयतु भारतम्! आज फिर आसमान 'तिरंगा' हो गया। 145 करोड़ भारत वासियों को हार्दिक बधाई! विश्व विजेता भारतीय क्रिकेट टीम का हृदयतल से अभिनंदन!
लगातार दूसरी बार भारत ने जीती टी20 विश्व कप की ट्रॉफी
आपको बता दें, भारत ने तीसरी बार टी20 विश्व कप की ट्रॉफी अपने नाम की है. इसके साथ ही घरेलू सरजमीं पर टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाला भारत पहला देश बन गया है. T20 वर्ल्ड कप में भारत की यह लगातार दूसरी जीत है. टीम इंडिया से मिले 256 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की पूरी टीम 19 ओवर में ही 159 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम से मिले 256 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने मैदान में उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही.
भारत ने फाइनल में की तूफानी शुरुआत
फाइनल में टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया को अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने तूफानी शुरुआत दी. दोनों खिलाड़ियों ने आपसी सामंजस्य से पहले विकेट के लिए 7.1 ओवर में 98 रन जड़े. अभिषेक ने अपनी शानदार पारी खेलते हुए 21 गेंदों में 52 रन बनाए जबकि संजू सैमसन ने 46 गेंदों में 5 चौके और 8 छक्कों की मदद से कुल 89 रन जड़े. वहीं T20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में संजू सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बने. वहीं तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे ईशान किशन ने भी बेहतरीन लय में दिखे. ईशान ने 25 गेंदों में कुल 54 रन बनाए. और 216 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 4 चौके और 4 छक्के लगाए. हालांकि, फाइनल में हार्दिक पांड्या और टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके.








