'CBI जांच हुई तो कई बड़े नाम नपेंगे!', JPSC-JSSC छात्रों के लिए सड़क पर उतरे जयराम महतो, Live नार्को टेस्ट की कर दी मांग
जयराम महतो ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार CBI जांच कराने से पीछे भाग रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर सरकार को किस बात का डर है? उन्होंने खुद ही इसका जवाब देते हुए कहा कि अगर ईमानदारी से जांच हुई, तो कई बड़े चेहरे बेनकाब हो जाएंगे

JPSC-JSSC Protest: झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में हुई कथित धांधली का मुद्दा अब पूरी तरह से गरमा गया है। अपने हक की लड़ाई लड़ रहे छात्रों के इस बड़े आंदोलन को अब डुमरी विधायक और JLKM प्रमुख जयराम महतो का सीधा समर्थन मिल गया है। छात्रों के दर्द को समझते हुए जयराम महतो ने पुराने विधानसभा परिसर के पास एक दिन का निर्जला उपवास रखा और सरकार के खिलाफ हुंकार भरी। उन्होंने साफ कर दिया है कि युवाओं की इस लड़ाई में वे हर कदम पर उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं।
CBI जांच से डर रही है सरकार, हो लाइव नार्को टेस्ट
जयराम महतो ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार CBI जांच कराने से पीछे भाग रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर सरकार को किस बात का डर है? उन्होंने खुद ही इसका जवाब देते हुए कहा कि अगर ईमानदारी से जांच हुई, तो कई बड़े चेहरे बेनकाब हो जाएंगे। जयराम ने साफ कहा कि 40 से 60 लाख रुपये के लेन-देन का मामला किसी एक व्यक्ति तक सीमित नहीं हो सकता, इसके पीछे एक बड़ा खेल है।
दूध का दूध और पानी का पानी करने के लिए उन्होंने आरोपियों के लाइव नार्को टेस्ट की मांग कर डाली है। उनका कहना है कि जांच में जिस-जिस शख्स का नाम सामने आए, उन सभी का नार्को टेस्ट होना चाहिए ताकि घोटाले की पूरी कड़ी सामने आ सके। इस दौरान उन्होंने राज्य की CID पर भी गंभीर सवाल खड़े किए और कहा कि CGL मामले में CID का काम करने का तरीका सबने देख लिया है, इसलिए उन पर भरोसा करना मुश्किल है।
असली अभ्यर्थियों से बात करे सरकार, हम हर आंदोलन में साथ
विधायक जयराम महतो ने सरकार द्वारा कुछ चुनिंदा छात्रों और छात्र संगठनों से की जा रही बातचीत को भी सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार को उन छात्रों से बात करनी चाहिए जो पिछले 15 दिनों से दिन-रात सड़क पर आंदोलन कर रहे हैं। बातचीत बंद कमरों में नहीं, बल्कि उन अभ्यर्थियों के साथ होनी चाहिए जो अपने एडमिट कार्ड के साथ आंदोलन स्थल पर डटे हुए हैं।
इसके साथ ही उन्होंने उन बातों को भी गलत बताया जिनमें कहा जा रहा था कि JLKM का कोई प्रतिनिधिमंडल सरकार से मिला है। उन्होंने साफ किया कि मंत्रियों से मिलने वाले लोग उनकी पार्टी के नहीं, बल्कि न्याय की गुहार लगा रहे असली अभ्यर्थी थे। छात्रों का हौसला बढ़ाते हुए महतो ने कहा कि चाहे मार्च हो, धरना-प्रदर्शन हो, हड़ताल हो या आर्थिक नाकेबंदी, इस लड़ाई में उनका नैतिक और शारीरिक समर्थन छात्रों को हमेशा मिलता रहेगा।
चेहरे पर मास्क लगाकर मार्च करेंगे जयराम, सदन में भी उठाएंगे मुद्दा
विधानसभा घेराव और पैदल मार्च को लेकर जयराम महतो ने एक बड़ा और दिलचस्प ऐलान किया। उन्होंने कहा कि वे छात्रों के पैदल मार्च में एक आम साथी की तरह शामिल होंगे। उन्होंने यहां तक कह दिया कि जरूरत पड़ी तो वे अपने चेहरे पर मास्क लगाकर मार्च करेंगे, ताकि मीडिया का कैमरा उनकी तरफ न रहे और पूरा फोकस सिर्फ और सिर्फ छात्रों की जायज मांगों पर ही रहे। उन्होंने छात्रों को यह भी भरोसा दिलाया कि विधानसभा सत्र के दौरान वो सदन के भीतर सरकार की आंखों में आंखें डालकर छात्रों की आवाज उठाएंगे और सत्र खत्म होते ही वापस सड़क पर आंदोलन कर रहे युवाओं के बीच लौट आएंगे।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

बोकारो आदिवासी महोत्सव 2026 : जल, जंगल और जमीन की रक्षा का लिया गया संकल्प, मंत्रियों-विधायकों ने की शिरकत

‘वंदे मातरम्’ के 150 साल पूरे होने पर निकली पदयात्रा, राष्ट्रगान गाते हुए सैकड़ों छात्र पहुंचे अल्बर्ट एक्का चौक







