SI परीक्षा में कथित धांधली पर हाईकोर्ट सख्त, BPSSC से मांगा जवाब
बिहार पुलिस SI मुख्य परीक्षा में कथित गड़बड़ी और अनियमितताओं के आरोपों पर पटना हाईकोर्ट ने राज्य सरकार और BPSSC से जवाब मांगा है। दोनों को तीन सप्ताह में जवाबी हलफनामा दाखिल करना होगा।


पटना: बिहार पुलिस सब-इंस्पेक्टर (SI) की भर्ती के लिए आयोजित हुई मुख्य परीक्षा को लेकर दायर याचिका पर पटना हाईकोर्ट ने राज्य सरकार और बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) से जवाब मांगा है। परीक्षा में कथित गड़बड़ी और अनियमितताओं के आरोपों को देखतर हुए अदालत ने दोनों पक्षों को 3 सप्ताह के भीतर जवाबी हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया है।
इस मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति हरीश कुमार की एकलपीठ ने की। अदालत ने अर्पिता कुमारी और अन्य की ओर से दाखिल सिविल रिट याचिका पर सुनवाई करते हुए यह निर्देश दिया। मामले की अगली सुनवाई 24 अगस्त 2026 को होनी है ।
परीक्षा में गड़बड़ी का लगाया गया आरोप
याचिकाकर्ताओं ने 23 सितंबर 2025 को जारी विज्ञापन संख्या 05/2025 के तहत बिहार पुलिस में SI पद के लिए आवेदन किया था। उनका आरोप है की SI मुख्य परीक्षा के दौरान बड़े स्तर पर अनियमितताएं हुईं है।
याचिकाकर्ताओं ने बताया कि परीक्षा से जुड़ी कथित गड़बड़ियों को लेकर दो प्राथमिकी भी दर्ज की गई हैं। इसके अलावा परीक्षा के दौरान सामने आई अनुचित गतिविधियों को लेकर मीडिया में भी खबरें प्रकाशित होने का दावा किया गया। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि इन मामलों की जितनी गहराई से जाँच की जानी चहियेंठी वो नहीं की गई। इसी आधार पर उन्होंने हाईकोर्ट से मामले में हस्तक्षेप की मांग की है।
अब सरकार और आयोग को देना होगा जवाब
याचिका पर सुनवाई के दौरान अदालत ने राज्य सरकार और BPSSC को अपना पक्ष रखने के लिए तीन सप्ताह की मोहलत दी है । दोनों को जवाबी हलफनामा दाखिल करना होगा। याचिकाकर्ताओं की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अभिनव श्रीवास्तव ने पक्ष रखा। वहीं BPSSC की ओर से अधिवक्ता संजय पांडेय और राज्य सरकार की ओर से बिनीता सिंह ने अदालत में अपनी दलीलें रखीं।
उस दिन सरकार और आयोग की ओर से दाखिल जवाब के बाद मामले में आगे की तस्वीर कुछ और साफ हो सकती है। फिलहाल हाईकोर्ट ने परीक्षा में गड़बड़ी के आरोपों को सही नहीं ठहराया है, बल्कि उनसे संबंधित पक्षों से जवाब मांगा है। आरोपों की वास्तविकता आगे की न्यायिक प्रक्रिया और जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









