किसानों की खाद या तस्करी का माल? ढाका में ट्रक पकड़े जाने से उठे बड़े सवाल
मोतिहारी के ढाका में भारत-नेपाल सीमा के करीब 550 बोरी यूरिया से लदा ट्रक जब्त किया गया है। पुलिस और कृषि विभाग की कार्रवाई के बाद चालक और कथित कारोबारी फरार हो गए। खाद को नेपाल भेजे जाने की आशंका की भी जांच हो रही है।


मोतिहारी: पूर्वी चंपारण में कृषि विभाग की जीरो टॉलरेंस नीति के दावों के बीच खाद की कालाबाजारी और तस्करी को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। एक तरफ किसान सरकारी दर से कथित तौर पर अधिक कीमत पर यूरिया खरीदने को मजबूर होने की शिकायत कर रहे हैं, तो वहीं दूसरी ओर भारत-नेपाल सीमावर्ती इलाके में सैकड़ों बोरी यूरिया से लदा ट्रक पकड़ा जाना खाद की अवैध आवाजाही की आशंका को और गहरा कर देता है। मामला ढाका थाना क्षेत्र के बकरीहारी का है, जहां गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस और कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर यूरिया खाद से लदे एक ट्रक को जब्त किया। ट्रक से करीब 550 बोरी यूरिया खाद बरामद होने की बात सामने आई है।
550 बोरी यूरिया से भरा था ट्रक
बताया जा रहा है कि ढाका थानाध्यक्ष राज रूप राय और प्रखंड कृषि पदाधिकारी इंद्रजीत कुमार के नेतृत्व में टीम ने बड़ी कार्रवाई की। सूचना थी कि बड़ी मात्रा में यूरिया खाद ट्रक के जरिए ले जय जा रहा है। टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रक को कब्जे में ले लिया। कार्रवाई की भनक लगी तो चालक और कारोबारी मौके से फुर्र हो गए| अब जांच विभाग यह पता लगाने में जुटी हैं कि इतनी बड़ी मात्रा में यूरिया आखिर कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जा रहा था।
चूंकि बकरीहारी इलाका भारत-नेपाल सीमा से काफी नजदीक है ऐसे में खाद को नेपाल भेजे जाने की आशंका भी जांच के दायरे में है। हालांकि, तस्करी की पुष्टि अभी जांच के बाद ही हो सकेगी।
क्या नेपाल भेजी जा रही थी खाद?
सबसे बड़ा सवाल अब यही है कि जब किसान यूरिया के लिए परेशान हैं और निर्धारित कीमत से अधिक वसूली की शिकायतें सामने आ रही हैं, तब सीमा क्षेत्र इलाके में 550 बोरी यूरिया से लदा ट्रक आखिर किसके इशारे पर और किस उद्देश्य से खड़ा था? क्या किसानों के हिस्से की खाद कालाबाजारी के जरिए बाजार से गायब की जा रही है? क्या इसी खाद को सीमा पार भेजने का खेल चल रहा है? और यदि ऐसा है तो इसके पीछे कौन-कौन लोग हैं? फिलहाल इन सवालों का जवाब जांच के बाद ही सामने आएगा।
कृषि विभाग की टीम अब जब्त खाद के कागजात, स्रोत, परिवहन और संभावित गंतव्य की जांच कर रही है। वहीं पुलिस फरार चालक और संबंधित कारोबारी की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है। एक तरफ किसान खाद के लिए लाइन में खड़े हैं, दूसरी तरफ सीमा क्षेत्र में सैकड़ों बोरी यूरिया का पकड़ा जाना—मोतिहारी में खाद की व्यवस्था पर यह कार्रवाई कई गंभीर सवाल छोड़ गई है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

बच्चों की थाली में मिला कीड़ा! अरेराज के स्कूल में MDM की व्यवस्था पर सवाल

हर घर तिरंगा यात्रा पर बवाल, 13 शिक्षकों की शिकायत लेकर BDO के पास पहुंचे प्राचार्य







