अमृतसर-जालंधर ब्लास्ट से पंजाब में हाई अलर्ट, NIA को सौंपा गया जांच का जिम्मा, CCTV फुटेज आया सामने
5 मई की रात पंजाब के दो महत्वपूर्ण जिलों अमृतसर और जालंधर में सेना मुख्यालयों के करीब ब्लास्ट के बाद खौफ का माहौल बना हुआ है. वहीं ब्लास्ट की जांच का जिम्मा राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंपा गया है.

Punjab Scooter Blast: 5 मई की शाम पंजाब के जालंधर और अमृतसर में धमाके के बाद पूरे राज्य को हाई अलर्ट पर रखा गया है. जालंधर में जहां देर शाम बीएसएफ हेडक्वार्टर के पास एक स्कूटर ब्लास्ट कर गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई. वहीं अमृतसर में सेना छावनी के अहाते के करीब देर रात 11 बजे भी ऐसा ही एक ब्लास्ट हुआ. दोनों विस्फोट सेना मुख्यालयों के पास होने से अंदेशा लगाया जा रहा है कि कहीं न कहीं दहशतगर्दी तत्वों द्वारा सेना को ही टारगेट करने का प्रयास किया जा रहा है.
मुख्यमंत्री ने लिया स्थिति का जायजा
जालंधर जिले में सीमा सुरक्षा बल (BSF) चौक के पास खड़ी एक स्कूटर में विस्फोट हुई जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों का दावा है कि उन्होंने वाहन से धमाके जैसी आवाज सुनी थी. सूत्रों के मुताबिक, जालंधर में ग्रेनेड हमले की भी आशंका है. सोशल मीडिया पर सामने आए CCTV वीडियो में एक संदिग्ध आतंकी पॉलीथिन में लिपटी कुछ वस्तु छोड़कर गया. इसके तुरंत बाद जोरदार धमाका हो गया. जानकारी के अनुसार राज्य के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने स्थिति का जायजा लिया.
विस्फोटों में नहीं हुआ जान-माल का नुकसान
जालंधर में हुए विस्फोट के कुछ घंटे बाद अमृतसर में खासा के सेना छावनी क्षेत्र के पास भी मंगलवार देर रात एक और विस्फोट हुआ. हालांकि, पुलिस ने बताया कि दोनों विस्फोटों में कोई घायल नहीं हुआ है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पंजाब में हुए दोनों धमाके की जांच अब NIA करेगी. जांच एजेंसी की टीम पहुंचने वाली है.
NIA करेगी विस्फोटों की जांच
सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीमें इस समय जालंधर और अमृतसर में धमाके वाली जगहों की ओर रवाना हो चुकी हैं. ब्लास्ट वाले जगह पर उनके जल्द ही पहुंचने की उम्मीद है. सूत्रों ने बताया कि NIA की टीम वहां पहुंचकर वे जानकारी जुटाएंगी और जांच में पंजाब पुलिस की सहायता करेंगी. वहीं धमाके वाली दोनों जगहों को घेर दिया गया है, वहां आवाजाही पर लोग लगा दी गई है.
विस्फोट कहना जल्दबाजी: पुलिस आयुक्त
पुलिस आयुक्त धनप्रीत कौर ने कहा, "प्रथम दृष्टया, यहां (जालंधर में) खड़ी एक एक्टिवा (स्कूटर) में आग लग गई. हम अभी मौके पर तथ्यों की पुष्टि कर रहे हैं." उस समय इलाके में पुलिस की एक गश्ती टीम मौजूद थी. एक सवाल के जवाब में कौर ने कहा कि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि कोई धमाका हुआ है. उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है. पुलिस ने बताया कि स्कूटर 22 वर्षीय युवक गुरप्रीत सिंह का है जो जांच में सहयोग कर रहा है. सिंह ने कहा कि उसके स्कूटर में अचानक आग लग गई.
मौके पर पहुंचा बम निष्क्रिय दस्ता
अमृतसर (ग्रामीण) के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सुहैल मीर कासिम ने कहा, "हमें रात करीब 11 बजे सूचना मिली कि खासा में एक सड़क पर तेज आवाज सुनाई दी है, इसके बाद हमारी टीम तुरंत वहां पहुंचीं." उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच और विश्लेषण से पता चला है कि कोई व्यक्ति यहां आया और उसने चारदीवारी की ओर कुछ फेंका और उससे विस्फोट हो गया. विस्फोट के बाद फॉरेंसिक टीम और बम निष्क्रिय दस्ता घटनास्थल पहुंचा.
करीब तीन घंटों के अंतराल में हुए दोनों विस्फोट
पुलिस अधीक्षक (एसपी) आदित्य एस. वारियर भी घटनास्थल पहुंचे. उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है. पुलिस ने बताया कि सैन्य अधिकारियों की एक टीम भी घटनास्थल पहुंची. उन्होंने बताया कि जालंधर जिले में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के पंजाब फ्रंटियर मुख्यालय के बाहर मंगलवार रात करीब आठ बजे हुए विस्फोट के कुछ घंटे बाद अमृतसर में विस्फोट की दूसरी घटना है.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






