नक्षत्र न्यूज़ में खबर चलने के बाद प्रशासन ने लिया संज्ञान, जांच रिपोर्ट में कई अहम खुलासे
श्रीमती भारती पांडे के अजन्मे शिशु की मृत्यु के मामले को नक्षत्र न्यूज़ द्वारा प्रमुखता से उठाए जाने के बाद जिला प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया।

Medininagar Palamu : श्रीमती भारती पांडे के अजन्मे शिशु की मृत्यु के मामले को नक्षत्र न्यूज़ द्वारा प्रमुखता से उठाए जाने के बाद जिला प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया। उपायुक्त ने तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया, जिसमें अपर समाहर्ता, सहायक समाहर्ता एवं मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, पलामू को शामिल किया गया। समिति ने अपनी प्रारंभिक जांच रिपोर्ट उपायुक्त को सौंप दी है।
रिपोर्ट के अनुसार, श्रीमती भारती पांडे ने मातृत्व अवकाश के बजाय शिशु देखभाल अवकाश के लिए आवेदन दिया था और आवेदन में अपनी गर्भावस्था का उल्लेख नहीं किया था। जांच में यह भी सामने आया कि गर्भावस्था के दौरान वह नियमित रूप से चिकित्सकीय परामर्श ले रही थीं तथा चिकित्सकों ने 21 और 24 जुलाई 2026 को उन्हें अस्पताल में भर्ती होने की सलाह भी दी थी।
जांच में यह भी पाया गया कि 3 जुलाई 2026 को दिए गए अवकाश आवेदन को संबंधित कर्मचारी द्वारा लगभग 10 दिनों तक जिला शिक्षा पदाधिकारी के समक्ष निर्णय के लिए प्रस्तुत नहीं किया गया।
इसके अलावा शिक्षा विभाग में कथित धन के लेन-देन के आरोप भी जांच के दायरे में हैं। प्रशासन ने कहा है कि इस संबंध में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जांच पूरी होने के बाद दोषी पाए जाने वाले पदाधिकारियों, कर्मियों अथवा अन्य संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि इस पूरे प्रकरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही, कर्तव्यहीनता या अनियमितता साबित होने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

एक शिक्षक के भरोसे चल रहा आठवीं तक का स्कूल, अभिभावकों ने की शिक्षक व भवन की मांग

मनातू के एकलव्य विद्यालय पहुंचे उपायुक्त, शिक्षा, खेल और छात्रावास व्यवस्था का किया निरीक्षण







