राजगढ़ के सारंगपुर-पचोर के बीच NH-52 पर चलती ट्रक में लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान
राजगढ़ के NH-52 में एक ट्रक में चलते-चलते ही अचानक आग लग गई. यह भीषण हादसे को न्योता हो सकता था. लेकिन समय रहते और सूझबूझ दिखाते हुए चालक ने ट्रक से कूदकर जान बचा ली.

Rajgarh, MP: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर पचोर के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 52 पर शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया, जब गुजरात से बनारस जा रहे एक ट्राले (ट्रक) में अचानक आग लग गई. आग इतनी भीषण थी कि ट्राले का अगला हिस्सा पूरी तरह जलकर खाक हो गया. चालक ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली. घटना उदनखेड़ी के समीप हुई, जिससे कुछ समय के लिए राजमार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
चालक एल्यूमिनियम तार लेकर जा रहा था बनारस
जानकारी के अनुसार ट्राला चालक सद्दाम, निवासी मेवात (हरियाणा), गुजरात के हलवल से एल्यूमिनियम तार लेकर बनारस जा रहा था. चालक ने बताया कि उदनखेड़ी के पास पहुंचते ही उसे वाहन की वायरिंग जलने जैसी बदबू आने लगी और ट्राले से धुआं निकलता दिखाई दिया. स्थिति को भांपते हुए उसने तुरंत ट्राला सड़क किनारे रोका और नीचे उतर गया. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ट्राले के टायरों सहित अगला हिस्सा आग की चपेट में आ गया.
पुलिस ने रोकी वाहनों की आवाजाही
घटना की सूचना मिलते ही उदनखेड़ी चौकी और पचोर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से राजमार्ग पर यातायात को नियंत्रित किया और वाहनों की आवाजाही कुछ समय के लिए रोक दी. वहीं पचोर नगर पालिका से दमकल वाहन बुलाया गया. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आग ट्राले के पीछे लदे माल तक नहीं फैल सकी.
हादसे का कारण- वायरिंग में आई खराबी!
इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन ट्राले के अगले हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा है. प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण वायरिंग में आई खराबी बताया जा रहा है. पुलिस ने आगजनी का मामला दर्ज कर घटना की विवेचना शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद नुकसान और कारणों का विस्तृत आकलन किया जाएगा.
(अशोक सोनी की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

ग्वालियर नगर निगम कर्मचारी ने जमीन विवाद में की आत्महत्या, वीडियो कॉल पर भाई से कर रहा था बात

Twisha Sharma Case: सास गिरिबाला सिंह गिरफ्तार, 6 घंटे चली पूछताछ के बाद एक्शन







