खंडवा में बिलाल बना 'विशाल': बकरीद पर पशुओं की कुर्बानी से आहत होकर अपनाया हिंदू धर्म
मध्य प्रदेश के खंडवा स्थित महादेवगढ़ मंदिर में बिलाल खान नाम के एक युवक ने स्वेच्छा से हिंदू धर्म अपना लिया है. बकरा ईद के मौके पर होने वाली मूक पशुओं की कुर्बानी से विचलित होकर उसने यह निर्णय लिया, जिसके बाद उसका नया नाम 'विशाल' रखा गया है.

Khandawa, MP: मध्य प्रदेश के खंडवा जिला मुख्यालय स्थित महादेवगढ़ मंदिर में आज एक युवक के धर्म परिवर्तन का मामला सामने आया है. यहां खिड़कियां (हरदा) के रहने वाले बिलाल खान नामक युवक ने इस्लाम छोड़कर पूरे विधि-विधान के साथ हिंदू धर्म अपना लिया. धर्म परिवर्तन की इस प्रक्रिया के बाद युवक का नया नामकरण 'विशाल' के रूप में किया गया. युवक का कहना है कि उसने यह कदम पूरी तरह अपनी मर्जी से और बिना किसी बाहरी दबाव के उठाया है.
कुर्बानी की प्रथा से विचलित था युवक
हिंदू धर्म अपनाने के बाद विशाल (पूर्व नाम बिलाल) ने मीडिया से बातचीत में अपना पक्ष रखा. उसने बताया कि उसकी बचपन से ही हिंदू धर्म और उसकी परंपराओं में आस्था रही है. इस बार बकरीद के त्योहार के दौरान मूक और निर्दोष जानवरों की दी जाने वाली कुर्बानी से वह काफी विचलित और आहत हुआ. उसने कहा, "निर्दोष जानवरों की हत्या मुझे ठीक नहीं लगी. हिंदू धर्म में जीव मात्र, पेड़-पौधों और नदी-पहाड़ों तक के प्रति जो सम्मान की भावना है, उससे प्रभावित होकर मैंने यह फैसला लिया और हिंदू धर्म में मुझे पूरा सम्मान मिला है."

परिचितों के सहयोग से पहुंचे मंदिर
जानकारी के अनुसार, बिलाल खिड़कियां क्षेत्र के एक हिंदू परिवार के संपर्क में था, जिन्हें यह जानकारी थी कि खंडवा के महादेवगढ़ मंदिर में इस प्रकार की धार्मिक प्रक्रियाएं संपन्न कराई जाती हैं. उनके परिचित राजेश ने महादेवगढ़ मंदिर के संरक्षक अशोक पालीवाल से संपर्क किया, जिसके बाद आज मंदिर परिसर में आवश्यक नियमों और शुद्धिकरण के साथ बिलाल को हिंदू धर्म की दीक्षा दी गई.
मंदिर प्रबंधन का बयान
महादेवगढ़ मंदिर के संरक्षक अशोक पालीवाल ने बताया कि युवक की इच्छा और उसके अनुरोध का सम्मान करते हुए मंदिर परिसर में धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार उसकी घर वापसी कराई गई है. उन्होंने कहा कि युवक ने अपनी अंतरात्मा की आवाज और जीव दया की भावना से प्रेरित होकर यह मार्ग चुना है. विशाल ने अब अपना आगे का जीवन पूरी तरह ईश्वर भक्ति और हिंदू धर्म के मूल्यों के पालन के लिए समर्पित करने की बात कही है.
(अशोक सोनी की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

ग्वालियर नगर निगम कर्मचारी ने जमीन विवाद में की आत्महत्या, वीडियो कॉल पर भाई से कर रहा था बात

Twisha Sharma Case: सास गिरिबाला सिंह गिरफ्तार, 6 घंटे चली पूछताछ के बाद एक्शन







