नोएडा की IVY County में 12वें फ्लोर पर भड़की आग, मची अफरा-तफरी
12वीं मंजिल पर लगी आग के बाद मौके पर पहुंचीं दमकल और पुलिस की टीमें, जांच शुरू।


नोएडा के सेक्टर-74 स्थित IVY County सोसाइटी में शुक्रवार सुबह आग लगने से हड़कंप मच गया। आग टावर B2 के 12वें फ्लोर पर बने दो फ्लैटों में लगी। कुछ ही देर में धुआं और आग की लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं, जिससे सोसाइटी के लोगों में दहशत फैल गई। कई निवासी अपने परिवारों के साथ घरों से बाहर निकल आए।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। सबसे पहले प्रभावित टावर को खाली कराया गया और आसपास के फ्लैटों में रहने वाले लोगों को भी सुरक्षित स्थान पर भेजा गया। इसके बाद दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। आग ऊंची मंजिल पर लगी थी, इसलिए राहत कार्य में काफी सावधानी बरती गई। फायर टीम ने लगातार कोशिश करते हुए आग को दूसरे फ्लैटों तक फैलने से रोका। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने पूरे अभियान की निगरानी की। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने या जान जाने की सूचना नहीं मिली है।
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक आग की लपटें काफी दूर से दिखाई दे रही थीं। घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। वहीं कुछ लोगों ने ऊंची इमारतों में आग से निपटने के लिए बेहतर संसाधनों की जरूरत पर भी सवाल उठाए हैं।
मामले की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को हर जरूरी मदद दी जाए और घटना की पूरी जांच कराई जाए।
फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कारण साफ हो सकेगा।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

पर्यटन पर Yogi का बड़ा दांव, नीम करोली बाबा और बुंदेलखंड फोर्ट सर्किट को मिलेगी रफ्तार

UP Police भर्ती परीक्षा: 29 लाख युवाओं के लिए विशेष बसें, किराए में राहत







