पलामू में यहां अस्पताल में डॉक्टर-कर्मी ड्यूटी से गायब, OPD में गंदगी और रिकॉर्ड अधूरे ; SDO के निरीक्षण में खुली पोल
सदर अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) संजय पांडेय के शनिवार को किए गए औचक निरीक्षण में पाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) की व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हुए।
Palamu: सदर अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) संजय पांडेय के शनिवार को किए गए औचक निरीक्षण में पाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) की व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हुए। निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी समेत 14 डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी से अनुपस्थित मिले।
अस्पताल में तैनात गृह रक्षक पूनम कुमारी भी गैरहाजिर मिलीं। निरीक्षण में यह बात भी सामने आई कि उनकी अगले दिन तक की अग्रिम हाजिरी दर्ज थी।
रजिस्टर में हस्ताक्षर, लेकिन डॉक्टर ड्यूटी से गायब
निरीक्षण के दौरान डॉ. रामाश्रय के संबंध में भी अनियमितता सामने आई। बताया गया कि उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर में हस्ताक्षर किए थे, लेकिन निरीक्षण के समय ड्यूटी पर मौजूद नहीं थे। उनके निजी क्लीनिक संचालित करने की जानकारी भी सामने आई है।
अस्पताल में कर्मचारियों की ड्यूटी से जुड़ा रोस्टर भी नहीं मिला। वहीं वैक्सीन स्टॉक पंजी भी अपडेट नहीं पाई गई।
प्रभारी की टेबल पर मिला निजी लैब का कार्ड
जांच के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी की टेबल पर एक निजी पैथोलॉजी लैब का कार्ड भी मिला। इसके अलावा अस्पताल की व्यवस्था को लेकर कई दूसरी कमियां भी निरीक्षण में सामने आईं।
OPD और ड्रेसिंग रूम में गंदगी
SDO के निरीक्षण में OPD और ड्रेसिंग रूम में साफ-सफाई की स्थिति भी ठीक नहीं मिली। अस्पताल में बायो-मेडिकल वेस्ट के उचित निपटारे की व्यवस्था भी नहीं पाई गई।
हैरानी की बात यह रही कि निरीक्षण के समय अस्पताल में एक भी मरीज भर्ती नहीं मिला।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






