बोकारो की स्टील फैक्ट्री में दर्दनाक हादसा!, सफाई मजदूर की मौत से हड़कंप, परिवार को मिला 12 लाख का मुआवजा
बोकारो के बालीडीह थाना इलाके में स्थित सुंदरम स्टील कंपनी में काम के दौरान एक सफाई मजदूर की संदिग्ध हालात में मौत हो गई।
Bokaro: बोकारो के बालीडीह थाना इलाके में स्थित सुंदरम स्टील कंपनी में काम के दौरान एक सफाई मजदूर की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। इस हादसे के बाद कंपनी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मृतक मजदूर की पहचान देवघर जिले के देवीपुर निवासी अजय कॉल के रूप में हुई है। अजय इस स्टील फैक्ट्री में सीधे तौर पर नहीं, बल्कि एक कांट्रैक्ट एजेंसी के जरिए सफाई का काम करता था।
पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
घटना की खबर मिलते ही बालीडीह थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि, मजदूर की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या वजह थी, इसका सही कारण अभी साफ नहीं हो पाया है। पुलिस पूरे मामले की बारीकी से छानबीन कर रही है और मौत की असली वजह तलाशने में जुटी है।
परिजनों को मिला 12 लाख 30 हजार का मुआवजा
हादसे के बाद कंपनी प्रबंधन, ठेकेदार और परिजनों के बीच मुआवजे को लेकर बात हुई, जिसके बाद सहमति बन गई। डिप्टी लेबर कमिश्नर रंजीत कुमार ने बताया कि सुंदरम स्टील कंपनी की तरफ से 10 लाख 30 हजार रुपये और ठेकेदार की ओर से 2 लाख रुपये दिए गए हैं। यानी पीड़ित परिवार को कुल 12 लाख 30 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी गई है।
औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े हुए गंभीर सवाल
भले ही परिवार को मुआवजा मिल गया हो, लेकिन इस हादसे ने फैक्ट्रियों में मजदूरों की सुरक्षा को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग और मजदूर सवाल उठा रहे हैं कि क्या फैक्ट्रियों में सुरक्षा मानकों की नियमित जांच होती है? कांट्रैक्ट पर काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा के लिए आखिर ठोस कदम क्यों नहीं उठाए जाते? सिर्फ मुआवजा देना ही काफी नहीं है, बल्कि भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए कड़े नियम लागू करना सबसे ज्यादा जरूरी है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






