गिरिडीह से शिक्षक विकास पांडे को CID ने किया डिटेन, JPSC-CGL धांधली के मास्टरमाइंड से है कनेक्शन
मामला बेहद हाई-प्रोफाइल होने के कारण पुलिस महकमे में पूरी तरह से गोपनीयता बरती जा रही है। कोई भी पुलिस अधिकारी इस पूरे ऑपरेशन पर कुछ भी आधिकारिक रूप से बोलने को तैयार नहीं

JPSC Scam: झारखंड के बहुचर्चित जेपीएससी-सीजीएल (JPSC-CGL) पेपर लीक मामले में जांच एजेंसी सीआईडी (CID) की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। जांच एजेंसी ने देर रात एक बड़ी और गुप्त कार्रवाई करते हुए गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना इलाके से एक सहायक शिक्षक विकास पांडे को हिरासत में ले लिया है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में हो रही इस अचानक कार्रवाई से हड़कंप मच गया है।
मुख्य आरोपी और परीक्षा एजेंसी के प्रबंधक से है सीधा कनेक्शन
मिली जानकारी के अनुसार, हिरासत में लिए गए विकास पांडे पेशे से एक सरकारी सहायक शिक्षक हैं। इस मामले में उनका सीधा कनेक्शन जेपीएससी-सीजीएल पेपर लीक कांड के मुख्य आरोपी अभय तिवारी से है। अभय तिवारी टीडीपीएल (TDPL) परीक्षा एजेंसी का प्रबंधक है और विकास पांडे रिश्ते में उसके ससुर लगते हैं। सीआईडी ने इसी अहम पारिवारिक और संभावित वित्तीय कनेक्शन को आधार बनाते हुए विकास पांडे को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है।
स्थानीय पुलिस ने साधी चुप्पी
मामला बेहद हाई-प्रोफाइल होने के कारण पुलिस महकमे में पूरी तरह से गोपनीयता बरती जा रही है। कोई भी पुलिस अधिकारी इस पूरे ऑपरेशन पर कुछ भी आधिकारिक रूप से बोलने को तैयार नहीं है। इस गुप्त कार्रवाई का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बेंगाबाद के स्थानीय थाना प्रभारी अमन सिंह ने भी मामले की कोई जानकारी होने से साफ इनकार कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उन्हें इस बात की कोई भनक नहीं है कि उनके थाना इलाके से किसी व्यक्ति को रात के अंधेरे में हिरासत में लिया गया है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









