बोकारो में करोड़ों नहीं, लेकिन लाखों की बड़ी चोरी! घर का ताला तोड़ चोर ले उड़े 1 किलो सोना, 10 किलो चांदी और नकदी
चोर घर से करीब 1 किलो सोने के जेवरात, लगभग 10 किलो चांदी के आभूषण, 54,260 रुपये नकद, कांसा-पीतल के कीमती बर्तन, CCTV का NVRs, Wi-Fi कैमरे, Set-Top Box समेत कई अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।

Bokaro: बोकारो जिले के कसमार थाना क्षेत्र में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। दांतू बाजार टांड़ स्थित मड़ई मंदिर के पास एक बंद घर का ताला तोड़कर बदमाश करीब 1 किलो सोने के जेवरात, लगभग 10 किलो चांदी के आभूषण, 54,260 रुपये नकद सहित कई कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
रिश्तेदारी गए थे परिवार वाले, लौटे तो उड़ गए होश
गृहस्वामी कैलाश कुमार नायक ने बताया कि वह 5 अगस्त को अपनी पत्नी के साथ रिश्तेदारी में गए थे। लगातार बारिश होने के कारण रात में घर वापस नहीं लौट सके। गुरुवार सुबह जब उन्होंने मोबाइल से घर का CCTV देखने की कोशिश की तो सिस्टम ऑफलाइन मिला। इस पर उन्हें शक हुआ और वे तुरंत घर पहुंचे।
घर पहुंचने पर बाहर का ताला सही सलामत था, लेकिन अंदर दाखिल होते ही उनके होश उड़ गए। घर के अंदर के सभी ताले टूटे हुए थे और अलमारी सहित कई जगहों का सामान बिखरा पड़ा था।
सोना-चांदी से लेकर CCTV सिस्टम तक ले गए चोर
चोर घर से करीब 1 किलो सोने के जेवरात, लगभग 10 किलो चांदी के आभूषण, 54,260 रुपये नकद, कांसा-पीतल के कीमती बर्तन, CCTV का NVRs, Wi-Fi कैमरे, Set-Top Box समेत कई अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
एक साल में दूसरी बार चोरी, परिवार में दहशत
पीड़ित कैलाश कुमार नायक ने बताया कि उनके घर में यह पहली नहीं, बल्कि दूसरी चोरी की घटना है। करीब एक साल पहले भी चोरों ने उनके घर को निशाना बनाया था। लगातार दूसरी बार हुई चोरी से परिवार दहशत में है और इलाके के लोगों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद कैलाश कुमार नायक ने कसमार थाना में लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।
कसमार थाना प्रभारी कुंदन कुमार ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और गुप्त सूत्रों की मदद से चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









