रांची में चीनी और गुड़ की कीमतों में बड़ा उछाल, पंडरा मंडी में चीनी ₹64 और खुदरा में ₹68 के पार
त्योहारी सीजन की शुरुआत से ठीक पहले राजधानी रांची में मीठा खाना महंगा हो गया है।

Ranchi: त्योहारी सीजन की शुरुआत से ठीक पहले राजधानी रांची में मीठा खाना महंगा हो गया है। चीनी के साथ-साथ गुड़ की कीमतों में भी जोरदार तेजी दर्ज की जा रही है। रांची की प्रसिद्ध पंडरा थोक मंडी में महज एक महीने के भीतर चीनी की थोक कीमत में करीब 14 रुपये प्रति किलो का उछाल आया है।
20 जुलाई को जो चीनी थोक में ₹50 प्रति किलो बिक रही थी, गुरुवार को उसकी कीमत बढ़कर ₹63 से ₹64 प्रति किलो तक पहुंच गई। वहीं, खुदरा बाजार में चीनी ₹65 से ₹68 प्रति किलो के भाव पर बिक रही है। इसके साथ ही बेहतर क्वालिटी का गुड़ भी ₹63 से ₹65 प्रति किलो तक पहुंच गया है।
अगस्त में लगातार चढ़ते गए चीनी के दाम
04 अगस्त: ₹52 प्रति किलो
14 अगस्त: ₹53 प्रति किलो
17 अगस्त: ₹60 प्रति किलो
18-19 अगस्त: ₹62 प्रति किलो
20 अगस्त: ₹62 से ₹64 प्रति किलो
इस प्रकार 20 जुलाई से 20 अगस्त के बीच थोक बाजार में चीनी ₹13 से ₹14 प्रति किलो तक महंगी हो चुकी है।
मांग और आपूर्ति में अंतर से उछलीं कीमतें
व्यापारियों का कहना है कि आगामी त्योहारों (जैसे रक्षाबंधन, गणेश चतुर्थी और दुर्गा पूजा) को देखते हुए बाजार में चीनी और गुड़ की खपत अचानक बढ़ गई है, जबकि उपलब्धता कम है। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय बाजार में चीनी के दाम बढ़ने का सीधा असर घरेलू मार्केट पर भी पड़ रहा है।
चीनी के साथ-साथ गुड़ के दाम में भी बीते एक महीने में ₹10 से ₹15 प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है। पंडरा मंडी में मध्यम दर्जे का गुड़ ₹40 से ₹57 और उत्तम क्वालिटी का गुड़ ₹65 प्रति किलो तक बिक रहा है।
आयात से राहत की उम्मीद, चैंबर ने जताई चिंता
कारोबारियों का मानना है कि गुड़ और चीनी के दामों में ऐसी अप्रत्याशित तेजी काफी समय बाद देखी गई है। हालांकि, केंद्र सरकार की ओर से चीनी के आयात की अनुमति मिलने के बाद व्यापारियों को उम्मीद है कि बाजार में आपूर्ति सुधरेगी और कीमतों पर लगाम लगेगी।
इधर, रांची चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने इस मूल्य वृद्धि पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि चीनी हर आम घर की बुनियादी जरूरत है और त्योहारों के सीजन में मिठाई के बिना कोई आयोजन संभव नहीं है। उन्होंने सरकार से अपील की है कि चीनी की बढ़ती कीमतों के कारणों की जांच कर तुरंत आवश्यक कदम उठाए जाएं ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

यह गुंडागर्दी JMM की सेहत के लिए ठीक नहीं!, राहुल-हेमंत का पुतला फूंक रहे छात्रों पर हमले से भड़के बाबूलाल मरांडी







