पत्रकार पर हमला, लोकतंत्र पर हमला..., दिल्ली में महिला पत्रकार से मारपीट के विरोध में रांची में प्रदर्शन
दिल्ली में महिला पत्रकार के साथ कथित मारपीट की घटना के विरोध में शनिवार को रांची के फिरायालाल चौक पर पत्रकारों ने जोरदार प्रदर्शन किया।
Ranchi: दिल्ली में महिला पत्रकार के साथ कथित मारपीट की घटना के विरोध में शनिवार को रांची के फिरायालाल चौक पर पत्रकारों ने जोरदार प्रदर्शन किया। सहाफी एसोसिएशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट के आह्वान पर हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पत्रकार शामिल हुए। पत्रकारों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित महिला पत्रकार को न्याय दिलाने की मांग की।
फिरायालाल चौक पर गूंजे विरोध के नारे
प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों ने हाथों में तख्तियां लेकर घटना के खिलाफ आवाज उठाई। इस दौरान “न्याय दो, सुरक्षा दो”, “पत्रकार पर हमला, लोकतंत्र पर हमला है”, “महिला पत्रकार की सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी” और “चुप्पी तोड़ो- अन्याय के खिलाफ आवाज उठाओ” जैसे नारे लगाए गए।
पत्रकारों ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का अहम हिस्सा है और पत्रकार जनता की आवाज को सामने लाने का काम करते हैं। ऐसे में किसी पत्रकार के साथ हिंसा या दुर्व्यवहार की घटना को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
‘महिला पत्रकार से मारपीट बेहद गंभीर मामला’
प्रदर्शन में वक्ताओं ने कहा कि किसी पत्रकार पर हमला लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है, लेकिन महिला पत्रकार के साथ कथित मारपीट की घटना को और भी गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को बिना किसी डर के अपना काम करने के लिए सुरक्षित माहौल मिलना जरूरी है।
वक्ताओं ने संबंधित मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
‘पत्रकार सच के प्रहरी, सुरक्षा सरकार की जिम्मेदारी’
प्रदर्शन में शामिल पत्रकारों ने एकजुटता दिखाते हुए कहा कि पत्रकार समाज के सच के प्रहरी हैं। उनका काम सवाल उठाना और सच्चाई लोगों तक पहुंचाना है। ऐसे में पत्रकारों को डराने या उनके साथ हिंसा करने की किसी भी कोशिश के खिलाफ आवाज उठाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है। देशभर में पत्रकारों के साथ होने वाली हिंसा के खिलाफ पत्रकार संगठनों को एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए।
कई वरिष्ठ पत्रकार भी प्रदर्शन में हुए शामिल
प्रदर्शन में रांची प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष राजेश सिंह, सुरेंद्र सोरेन, श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र गिरी, रांची प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष विपिन उपाध्याय, श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के महानगर अध्यक्ष मो. जावेद, सैयद रमीज, शाहीन अहमद, गुलाम शाहिद, फिरोज जिलानी, आसिफ नईम, रिजवी, असफर नवाज, दानिश अयाज, राही, मो. इमरान, मो. कामरान, समीर हेजाज़ी, शाहीन अहमद, आदिल हसन, संजीत झा, मो. रिजवान और अलीशा समेत सैकड़ों पत्रकार मौजूद रहे।
प्रदर्शन के अंत में पत्रकारों ने साफ कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और स्वतंत्र रूप से काम करने के अधिकार से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। साथ ही देशभर में पत्रकारों पर होने वाले हमलों के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने का आह्वान किया गया।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






