JSSC दफ्तर में लगातार दूसरे दिन CID की रेड
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और धांधली के मामले में CID का शिकंजा कसता जा रहा है।
Ranchi: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और धांधली के मामले में CID का शिकंजा कसता जा रहा है। जांच के सिलसिले में सीआईडी की विशेष टीम ने शनिवार को लगातार दूसरे दिन नामकुम स्थित JSSC मुख्यालय में अपनी जांच जारी रखी। जांच एजेंसी के अधिकारियों ने दफ्तर में डेरा डालकर घंटों तक परीक्षा से जुड़ी कई अहम फाइलों, गोपनीय दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड्स को बारीकी से खंगाला, जिससे आयोग परिसर में दिनभर हड़कंप का माहौल बना रहा।
अभ्यर्थियों के रिकॉर्ड और परीक्षा संचालन से जुड़ी फाइलें जब्त
जांच के दौरान CID की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम ने आयोग के अलग-अलग विभागों और शाखाओं में जाकर महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई। टीम ने विशेष रूप से परीक्षा संचालन की प्रक्रिया, टेंडर और एजेंसी चयन से जुड़े दस्तावेज, अभ्यर्थियों के आवेदन व एडमिट कार्ड के डेटाबेस और परीक्षा से संबंधित पत्राचार की फाइलों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की है। इसके साथ ही इस पूरे सिंडिकेट से जुड़े कुछ अन्य संभावित ठिकानों पर भी सीआईडी की टीमों द्वारा दबिश दिए जाने की सूचना है।
CGL परीक्षा में गड़बड़ी की तह तक पहुंचने की कोशिश
JSSC की भर्ती परीक्षाओं, खासतौर पर बहुचर्चित सीजीएल (CGL) परीक्षा में सामने आई कथित अनियमितताओं को लेकर CID पहले से ही गहन जांच कर रही है। शनिवार को हुई इस कार्रवाई के दौरान परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े कई अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य संदिग्ध कर्मियों से आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की गई। जांच एजेंसी यह कड़ियां जोड़ने में जुटी है कि पेपर लीक या रिजल्ट में हेरफेर जैसी अनियमितता किस स्तर पर शुरू हुई और इसमें आयोग के अंदरूनी कर्मचारियों या बाहरी सॉल्वर गैंग के किन-किन चेहरों की मिलीभगत रही है। सीआईडी सूत्रों का मानना है कि जब्त दस्तावेजों की पड़ताल के बाद मामले में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






