RIMS में मरीज परेशान, चोर मालामाल!, 1300 CCTV और दर्जनों गार्ड्स बेअसर, न्यूरो ICU से 5 लाख का कॉपर पाइप ले उड़े चोर
राजधानी रांची के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स (RIMS) में मरीजों की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर एक बार फिर बड़ी लापरवाही सामने आई है।
Ranchi: राजधानी रांची के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स (RIMS) में मरीजों की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर एक बार फिर बड़ी लापरवाही सामने आई है। अस्पताल के न्यूरो सर्जरी आईसीयू (ICU) और स्त्री एवं प्रसूति विभाग के लेबर रूम में लगे एसी (AC) का कॉपर पाइप चोर काटकर ले गए। कॉपर पाइप कटने की वजह से दोनों विभागों के एसी पूरी तरह बंद हो गए हैं, जिससे वहां भर्ती गंभीर मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
1300 CCTV कैमरे और गार्ड्स के बावजूद चोरी
रिम्स परिसर की सुरक्षा के लिए होमगार्ड और सैप (SAP) के जवान दिन-रात तैनात रहते हैं। इतना ही नहीं, पूरे अस्पताल में 1,300 से भी ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके बावजूद चोरों ने इतनी बड़ी वारदात को बड़ी आसानी से अंजाम दे दिया। सूत्रों के मुताबिक, चोरों ने करीब पांच लाख रुपये मूल्य का कॉपर पाइप काटा है और आसानी से फरार हो गए।
बुधवार और गुरुवार को लगातार दो दिन हुई वारदात
चोरी की यह घटना दो अलग-अलग दिनों में हुई। बुधवार की रात चोरों ने न्यूरो सर्जरी आईसीयू के सी-वन और डी-वन वार्ड में निशाना बनाया और कॉपर पाइप काट लिया। वहीं, गुरुवार को स्त्री एवं प्रसूति विभाग में चोरी हुई, जहां लेबर रूम के अलावा महिला डॉक्टरों का चेंबर भी मौजूद है।
ICU में भर्ती मरीजों की बढ़ी आफत
न्यूरो सर्जरी आईसीयू में भर्ती गंभीर मरीजों के इलाज के लिए कमरे का तापमान नियंत्रित रखना बेहद जरूरी होता है। ऐसे में अचानक एसी बंद हो जाने से मरीजों की हालत बिगड़ने का खतरा बढ़ गया है। घटना के बाद दोनों विभागों के विभागाध्यक्षों ने रिम्स प्रबंधन से तुरंत एसी दुरुस्त कराने और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की गुहार लगाई है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






