Bihar (East Champaran): केंद्रीय ट्रेड यूनियनों द्वारा आहूत देशव्यापी हड़ताल के समर्थन में मंगलवार को मोतिहारी में आशा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया. सैकड़ों की संख्या में आशा कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आईं और अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
प्रदर्शनकारी आशा कार्यकर्ताओं ने सदर अस्पताल पहुंचकर सिविल सर्जन कार्यालय का घेराव किया. इस दौरान उन्होंने “गुलामी के दस्तावेज चार श्रम कोड कानून को खारिज करो”, “न्यूनतम मजदूरी की गारंटी करो” जैसे नारों के साथ श्रम कानूनों के विरोध में अपनी आवाज बुलंद की.
आशा कार्यकर्ताओं का कहना था कि चार नए श्रम कोड कानूनों से उनके अधिकार कमजोर होंगे और उन्हें सामाजिक सुरक्षा से वंचित किया जाएगा. उन्होंने सरकार से न्यूनतम मजदूरी की गारंटी, नियमितीकरण और सामाजिक सुरक्षा लाभ सुनिश्चित करने की मांग की.
प्रदर्शन के बाद आशा कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल सिविल सर्जन से मिला और अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा. सिविल सर्जन ने उनकी बातों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को सरकार तक भेजा जाएगा.
प्रदर्शन के दौरान अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए गहमागहमी का माहौल रहा, हालांकि स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण बनी रही.
Report: Pratik Singh









