Bihar (East Champaran): पूर्वी चंपारण में लगातार हो रही बड़ी चोरी की वारदातों पर पुलिस ने बड़ा और निर्णायक प्रहार किया है. तुरकौलिया, हरसिद्धि, कल्याणपुर समेत कई थाना क्षेत्रों में दहशत फैलाने वाले संगठित चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने उसके सात सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है. छापेमारी के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए भारी मात्रा में सामान भी बरामद किए गए हैं.
जिले में लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने विशेष टीम का गठन किया था. इसी क्रम में पिपराकोठी थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली कि संतोष सहनी के नेतृत्व में एक संगठित गिरोह जिले में सिलसिलेवार तरीके से चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा है. सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर सदर डीएसपी वन दिलीप कुमार और सदर डीएसपी दो जितेश पांडे के नेतृत्व में संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया.
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पिपराकोठी थाना क्षेत्र के वाटगंज में दबिश दी और गिरोह के सात सदस्यों को धर दबोचा. गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध जिले के अलग-अलग थानों में पहले से चोरी के मामले दर्ज हैं. प्रारंभिक पूछताछ में गिरोह के नेटवर्क, चोरी के तरीके और अन्य घटनाओं से जुड़े अहम सुराग हाथ लगे हैं.
छापेमारी टीम में डीएसपी के साथ पिपराकोठी एवं मुफ्फसिल थानाध्यक्ष सहित कई थानों के पदाधिकारी शामिल थे. फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है.
पुलिस का दावा है कि इस संगठित गिरोह की गिरफ्तारी के बाद जिले में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित होगा. एसपी ने स्पष्ट किया है कि अपराध के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा तथा संगठित अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.
रिपोर्ट: प्रतीक सिंह









