Jharkhand (Godda): नगर निकाय चुनाव की गर्माहट तेज हो चुकी है, जहां जिले के महागामा नगर पंचायत में पहली बार चुनाव होने जा रहा है. इसी बीच नगर क्षेत्र में अध्यक्ष पद के एक प्रत्याशी इन दिनों खूब चर्चा में बने हुए है.
भूगोल शास्त्र से एमए (Masters in arts) पास दुर्गा सोरेन अखबार बांटने का काम करते हैं, जिन्होंने इस बार नगर निकाय चुनाव लड़ने का फैसला किया है. इस बार ST सीट आरक्षित होने की वजह से इन्होंने अध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी जनता के बीच पेश की है.
नॉमिनेशन के दिन भी इनके अनोखे अंदाज ने लोगों को खूब आकर्षित किया. दुर्गा सोरेन अपनी साइकिल से ही चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने पहुंचे. उनकी लोकप्रियता भी कम नहीं है, नामांकन के दौरान वह अकेले नहीं थे, बल्कि उनके साथ सैकड़ों समर्थकों का काफिला था.
चुनावी प्रत्याशी होने के बावजूद दुर्गा सोरेन ने अब तक अपने दिनचर्या में कोई भी बदलाव नहीं किया है. पहले की ही तरह जैसा वह रोजाना करीब तीन सौ घरों में अखबार बांटने का काम करते थे. उसी तरह सुबह 5 बजे उठकर वह अपने काम में अब भी लगे मिलते हैं.
इसी उदार और सरल स्वभाव के दुर्गा सोरेन के चाहने वाले कायल हैं. उनके चहेतों का कहना है कि किसी को अपना बनाने के लिए दुर्गा सोरेन का मृदु भाषी स्वभाव ही काफी है. नक्षत्र न्यूज़ से बातचीत में दुर्गा ने बताया कि वह पिछले 20 वर्षों से महागामा नगर पंचायत क्षेत्र में गली-गली घूम कर अखबार बांटते हैं, जिस कारण वे भलीभांति लोगों की समस्याओं से अवगत हैं. दुर्गा ने बताया कि उन्होंने जिस दिन अखबार में महागामा नगर पंचायत के आरक्षित सीट के बारे में पढ़ा उसी दिन से उन्हें लगा कि शहरी क्षेत्र होने के बावजूद महागामा की इस कुव्यवस्था को दूर करने का यह सबसे अच्छा मौका है. जिसके लिए उन्हें वह सारे लोगों का समर्थन भी भरपूर मिल रहा है, ज-जिनकी दिनचर्या की शुरुआत दुर्गा के अखबार से होती है.
Report: Prince Yadav









