Giridih: जिले के बड़की सरिया और धनवार नगर पंचायत में पहली बार हो रहे निकाय चुनाव को लेकर उत्साह है. आज, सोमवार (2 फरवरी 2026झ को वार्ड से लेकर अध्यक्ष पद के लिए नामांकन का दौर देखने को मिला. नामांकन से पूर्व प्रत्याशी मंदिर में पूजा अर्चना करने पहुंचे और इसके बाद निर्वाचित पदाधिकारी कार्यालय पहुंचकर नामांकन दाखिल किया.
धनवार नगर पंचायत के लिए भाजपा नेता की पत्नी मंजू देवी ने नामांकन पर्चा दाखिल किया. पर्चा दाखिल करने के बाद मंजू देवी ने कहा कि धनवार में पहली बार चुनाव हो रहा है. ऐसे में धनवार को समस्या मुक्त करने का उन्होंने संकल्प ले लिया है. धनवार बाजार इलाके में जगह-जगह बाथरूम और पेयजल की व्यवस्था करना ही उनके चुनाव लड़ने का उद्देश्य है. क्योंकि बाजार होते हुए भी सुविधाओं का अभाव है.
इसके अलावा माले नेता विनय सोंथालिया ने भी धनवार नगर पंचायत से नामांकन पर्चा दाखिल किया है. नामांकन के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि धनवार के लोगों को एक समान सुविधा मिलें, जनहित की परेशानी से पूरा धनवार गुजर रहा है. बजबजाती नालियां और सड़कों का हाल किसी से नहीं छिपा है ये ऐसी समस्याए है. जिसे दूर करना जरूरी हैं. 
वहीं, सरिया के बड़की सरिया नगर पंचायत के नगर अध्यक्ष पद के लिए कंचन देवी, प्रिया कौर और आरती देवी और चेतना तर्वे ने नामांकन पर्चा दाखिल किया. बड़की सरिया नगर पंचायत के अध्यक्ष पद को लेकर महिलाओं में पहले ही दिन खासा उत्साह देखने को मिला.
नामांकन पर्चा भरने के बाद प्रत्यशी प्रिया कौर ने कहा कि सरिया में जन समस्याओं का अंबार है. लेकिन सबसे अधिक परेशानी मनमानी होल्डिंग टैक्स को लेकर है. जिसे दूर करना जरूरी है. और ये कोई बात नहीं हुई कि नगर पंचायत के पदाधिकारी मनमानी के साथ होल्डिंग टैक्स बांधे, और लोगों को परेशान करें.
रिपोर्ट- मनोज कुमार पिंटू / संतोष तर्वे, राजकुमार मोदी








