सो रहे कर्मचारी को जगाया और कहा भागो..., फिर चली गोलियां, लोहरदगा में अपराधियों का आतंक
लोहरदगा के कुडू थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात हथियारबंद अपराधियों ने बाईपास सड़क निर्माण में लगी एक निजी कंपनी के कैंप को निशाना बनाया।


Lohardaga: लोहरदगा के कुडू थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात हथियारबंद अपराधियों ने बाईपास सड़क निर्माण में लगी एक निजी कंपनी के कैंप को निशाना बनाया। महुआ टोली के पास पहुंचे अपराधियों ने पहले जमकर फायरिंग की और इसके बाद कैंप में खड़े एक वाहन को आग के हवाले कर दिया। गोलीबारी में कंपनी का एक सुरक्षा गार्ड घायल हो गया, जबकि कैंप में मौजूद एक कर्मचारी बाल-बाल बच गया।
जानकारी के मुताबिक अपराधी मुख्य सड़क से करीब डेढ़ किलोमीटर पैदल चलकर निर्माण स्थल तक पहुंचे थे। कैंप में पहुंचते ही उन्होंने पिकअप वाहन में सो रहे कर्मचारी राजकुमार यादव को जगाया और वहां से भाग जाने को कहा। इसके बाद अपराधियों ने उस पर दो राउंड फायर किए। हालांकि राजकुमार किसी तरह खुद को बचाने में कामयाब रहा।
इसके बाद अपराधियों ने कैंप में तैनात सुरक्षा गार्ड भूषण को निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली उसकी बांह में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद अपराधियों ने परिसर में खड़े एक वाहन में आग लगा दी और मौके से फरार हो गए।
घायल गार्ड को RIMS किया गया रेफर
फायरिंग की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल गार्ड को लोहरदगा सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची के RIMS रेफर कर दिया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद कुडू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल की छानबीन करने के साथ आसपास के CCTV फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों और कंपनी के कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है।
राहुल सिंह गिरोह पर शक, पुलिस ने नहीं की पुष्टि
घटना के पीछे शुरुआती तौर पर राहुल सिंह गिरोह का हाथ होने का शक जताया जा रहा है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस लेवी से जुड़े विवाद, ठेकेदारी को लेकर रंजिश और आपसी विवाद समेत दूसरे पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

दिल्ली के बुराड़ी से धरे गए दो और मुन्नाभाई!, JSSC-CGL पेपर लीक मामले में CID का बड़ा एक्शन, बिहार के दो आरोपी गिरफ्तार

JPSC परीक्षा मामले में नया मोड़!, आरोपी लालू यादव ने CID की विशेष अदालत में लगाई जमानत की गुहार







