Ranchi News: राजधानी रांची स्थित भगवान बिरसा मुंडा जैविक उद्यान से एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है. दरअसल, उद्यान में एशियाई शेर ने एक नन्हें मादा शावक को जन्म दिया है जो अब करीब 4 माह की हो चुकी है. हालांकि जन्म के 10 दिनों बाद शावक अस्वस्थ हो गई थी लेकिन अब वह बिल्कुल स्वस्थ है और आप उद्यान में उसका दीदार कर सकेंगे.
नन्हें मादा शावक के जन्म पर अत्यंत खुशी जाहिर करते हुए भगवान बिरसा मुंडा जैविक उद्यान के निदेशक जब्बर सिंह ने बताया कि उद्यान में एशियाई शेर के एक शावक का जन्म हुआ है. इससे पहले उद्यान में मौजद एशियाई शेर और हाईब्रिड शेर की वृद्धावस्था के कारण निधन हो गया था जिसके बाद उद्यान में शेर का बाड़ा खाली पड़ गया था. लेकिन इसके बाद उद्यान प्रबंध के विशेष प्रयासों के तहत छत्तीसगढ़ के रायपुर जिला स्थित नंदनलाल Zoo एंड जंगल सफारी से एक जोड़ा एशियाई नर शेर 'अभय' और मादा शेर 'सबरी' को पशु आदान-प्रदान कार्यक्रम के अंतर्गत 16 जून 2025 को भगवान बिरसा मुंडा जैविक उद्यान रांची लाया गया.
निदेशक जब्बर सिंह ने बताया कि बिरसा जैविन उद्यान में दोनों का 12 अगस्त 2025 को सफलतापूर्व मिलन कराया गया. इसके बाद 28 नवंबर 2025 को मादा सबरी ने एक मादा शावक को जन्म दिया जन्म के लगभग 10 दिनों के बाद शावक अस्वस्थ हो गई थी और उसकी स्थिति गंभीर हो गई थी ,जिसके कारण शावक को उसकी मां से अलग कर जन्तु अस्पताल के एक कक्ष में विशेष व्यवस्था करते हुए लालन -पालन किया गया.
उद्यान के सहायक वन संरक्षक, पशु चिकित्सक,वन क्षेत्र पदाधिकारी , जीव वैज्ञानिक ,वन रक्षियों एवं अन्य कर्मियों के सतत् प्रयासों के फलस्वरूप अब शावक स्वस्थ है तथा लगभग 4 माह की हो चुकी है चूंकि अब शावक धीरे धीरे बड़ी हो रही है . अतः उसे उसकी माता सबरी के निकट स्थित नर्सरी में रखा जा रहा है जहाँ उसकी निरंतर निगरानी एवं देखभाल की जाएगी.
दर्शकों को नन्हें शावक के दीदार के लिए एक टीवी की व्यवस्था की गई है जिसमें सीसीटीवी के माध्यम से नन्हें शावक को दिखाया जाएगा. जिससे दर्शक शावक का दीदार कर सकेंगे. इस अवसर पर प्रधान मुख्य वन संरक्षक संजीव कुमार, एचओएफएफ सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहें.









