Jharkhand (Giridih): हाथियों के आतंक से करहरबारी एवं जीतपुर पंचायत के प्रभावित ग्रामीणों के बीच वन विभाग द्वारा मंगलवार को मुआवजा का वितरण किया गया. गिरिडीह पूर्वी वन प्रमंडल पदाधिकारी के निर्देश पर गिरिडीह वन क्षेत्र पदाधिकारी द्वारा करहरबारी एवं जीतपुर में कार्यक्रम आयोजित किया गया. जिसमें बीते दिनों हाथी द्वारा फसल एवं संपत्ति नुकसान के एवज में उचित मुआवजा राशि का वितरण किया गया.
इस दौरान वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें वन्य जीव संरक्षण के प्रति जागरूक भी किया गया. हाथियों से सुरक्षित रहने के उपाय बताए गए. मौके पर अधिकारियों ने कहा कि मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करना विभाग की प्राथमिकता है और भविष्य में भी प्रभावित लोगों को समय पर सहायता प्रदान की जाएगी.
कार्यक्रम के दौरान मुखिया बीरबल मंडल, प्रभारी वनपाल रोहित कुमार एवं उप परिसर पदाधिकारी सिकंदर दास उपस्थित थे. वहीं करहरबारी पंचायत में मुखिया सहारा खातून एवं प्रभारी वनपाल रोहित कुमार द्वारा पीड़ितों के बीच मुआजवा ड्राफ्ट का वितरण किया गया.
रिपोर्ट: मनोज कुमार









