चाईबासा के राणी सती मंदिर में चोरी, शटर और गेट का ताला तोड़ दानपेटी ले उड़े चोर ; CCTV में कैद हुई वारदात
चाईबासा के अमलाटोला स्थित राणी सती मंदिर में चोरों ने शटर और मुख्य गेट का ताला तोड़कर दानपेटी चोरी कर ली। CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है।

Chaibasa: शहर के अमलाटोला स्थित श्रीश्री राणी सती मंदिर को गुरुवार देर रात अज्ञात चोरों ने निशाना बना लिया। चोर मंदिर का शटर और मुख्य गेट का ताला तोड़कर गर्भगृह में रखी बड़ी स्टील की दानपेटी चोरी कर फरार हो गए। पूरी वारदात मंदिर परिसर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
सुबह पूजा करने पहुंचे पुजारी, तब खुला चोरी का राज
शुक्रवार सुबह मंदिर के पुजारी पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे तो मुख्य गेट और शटर का ताला टूटा हुआ मिला। मंदिर के अंदर जाने पर गर्भगृह में रखी दानपेटी गायब थी। इसके बाद पुजारी ने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी।
मंदिर में चोरी की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। घनी आबादी वाले इलाके में मंदिर का ताला तोड़कर चोरी की घटना सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी के साथ सुरक्षा को लेकर चिंता भी बढ़ गई है।
CCTV फुटेज से चोरों तक पहुंचने की कोशिश
घटना की सूचना मिलने के बाद चाईबासा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मंदिर परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली है। वारदात से जुड़े फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
थाना प्रभारी हिरालाल महतो ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपितों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर उठे सवाल
अधिवक्ता और सामाजिक कार्यकर्ता राजाराम गुप्ता ने शहर में लगातार सामने आ रही चोरी और छिनतई की घटनाओं पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में ऐसी घटनाओं में बढ़ोतरी से शहरवासियों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से शहर में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की। राजाराम गुप्ता ने कहा कि मंदिर में हुई चोरी समेत हाल के दिनों में सामने आई अन्य घटनाओं को लेकर जल्द ही कोल्हान प्रमंडल के DIG अनुरंजन किस्पोट्टा से मुलाकात कर उन्हें स्थिति से अवगत कराया जाएगा।
दानपेटी बरामद करने और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग
स्थानीय लोगों ने पुलिस से मंदिर में हुई चोरी की गंभीरता से जांच करने और जल्द आरोपितों को गिरफ्तार करने की मांग की है। लोगों ने चोरी गई दानपेटी को बरामद करने के साथ शहर में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की भी मांग उठाई है।
फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

"गोली मारी, फिर भट्ठी में जलाया...", रांची में डायन-बिसाही मामले में आरोपी निरंजन अहीर को नहीं मिली राहत

मोरहाबादी में सुरक्षा कड़ी!, ड्रोन उड़ाया तो खैर नहीं, जानिए स्वतंत्रता दिवस परेड का पूरा शेड्यूल







